
देवरिया।
देवरिया जिले के सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर दो के फुट ओवर ब्रिज के समीप शनिवार को ट्रेन का इंतजार कर रहे दो युवकों को जीआरपी ने दबोच लिया। दोनों के पास मिले बैग से 14.20 लाख नगदी और 25 किलो चांदी बरामद हुई। जीआरपी इंस्पेक्टर की सूचना पर गोरखपुर आयकर विभाग की टीम देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पहुंची और दोनों को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हो गई।
जीआरपी व आरपीएफ आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली, भैयादूज एवं छठ पूजा को देखते हुए सदर रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरत रही है।
जीआरपी के थानेदार इंस्पेक्टर सुधाकर उपाध्याय पुलिस टीम के साथ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच दो युवक बैग लेकर वहां से तेज कदमों से जाने लगे। जीआरपी टीम को संदेह हुआ तो उसने दोनों को रोक कर उनके बैग की तलाशी ली। इस दौरान उनके बैग से 14.20 लाख रुपये नगदी और 25 किलो सोना बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो उसने अपना नाम हरिशंकर वर्मा पुत्र कन्हैया वर्मा निवासी मेन मार्केट लक्ष्मीगंज लाला छपरा थाना रामकोला जिला कुशीनगर और रोहित कुमार वर्मा पुत्र स्व. गोविन्द लाल निवासी पकड़ियार बुजुर्ग थाना सिन्दुरिया जिला महराजगंज बताया। हरिशंकर वर्मा के बैग में 9.20 लाख रुपये नगद एवं चांदी की एक सिल्ली व एक छोटा टुकड़ा बरामद हुआ। जिसका वजन 10.700 किलोग्राम था। रोहित कुमार वर्मा के बैग में पांच लाख रुपये नगद एवं चांदी के 2 सिल्ली 14.230 किग्रा बरामद हुआ। रुपए व चांदी के बारे में दोनों कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इस पर जीआरपी ने इसकी सूचना गोरखपुर आयककर विभाग को दी। आयकर विभाग की टीम सदर रेलवे स्टेशन पहुंची और दोनों को अपने साथ ले गई। संदिग्धों को दबोचने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुधाकर उपाध्याय, एसएसआई मो. युनूस, हेड कांस्टेबल अमित कुमार तिवारी, दिलीप सिंह,अंगद यादव और कांस्टेबल राजेश कुमार आदि शामिल थे।




