कक्षा 12 की छात्रा अमृता बनीं एक दिन की जिला प्रोबेशन अधिकारी

SHARE:

मिशन शक्ति के तहत मिला मौका, महिला कल्याण विभाग की योजनाओं और कार्यप्रणाली को करीब से जाना

कुशीनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को प्रभात तारा पब्लिक स्कूल, रविंद्रनगर धूस की मेधावी छात्रा अमृता सोनी को एक दिन का जिला प्रोबेशन अधिकारी बनाया गया। कक्षा 10वीं में स्कूल टॉपर रह चुकीं अमृता वर्तमान में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। इस पहल के जरिए उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को करीब से जानने का अवसर मिला।

शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नारी सम्मान के क्रम में शासन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अमृता ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण किया। उन्हें वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन, हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन, राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण इकाई और किशोर न्याय बोर्ड के कार्यों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने इन इकाइयों की जिम्मेदारियों और जरूरतमंद महिलाओं एवं बच्चों को मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया।

इस दौरान अमृता को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा एंबुलेंस सेवाओं 108 और 102 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

जिला प्रोबेशन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार गौतम की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग के प्रसिद्ध कुमार राहुल, नलिन सिंह, दिनेश कुमार, दयानंद, मुनीष कुमार, प्रीति और वंदना सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Anoop k. Yadav
Author: Anoop k. Yadav

📰 सच, तथ्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध 🎯 खबर वही, जो जनता के काम आए

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now