भटवलिया आरा मशीन के सामने हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद सभी जिला अस्पताल रेफर
तमकुहीराज, कुशीनगर। तमकुहीराज-तमकुहीरोड मार्ग पर मंगलवार शाम भटवलिया आरा मशीन के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एक बाइक पर सवार दो लोग घायल
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के भेड़िया निवासी पंकज पटेल पुत्र रामप्रवेश पटेल और दीपू पटेल पुत्र विशुन पटेल सवार थे। दोनों हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए।
सीएचसी तमकुहीराज के चिकित्सक डॉ. संजय कुमार के अनुसार, दोनों के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। पंकज पटेल के सिर में गंभीर चोट लगी और वह अचेत अवस्था में था। वहीं दीपू पटेल के सिर में भी गंभीर चोट आई है। दोनों की हालत चिंताजनक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दूसरी बाइक पर बच्चे समेत तीन लोग
दूसरी बाइक पर कुशीनगर के सेवरही थाना क्षेत्र के धुरिया कोट गांव निवासी धनंजय यादव (22) पुत्र अवधेश यादव, शिटु यादव (9) पुत्र सिकंदर यादव और कबीर यादव (23) पुत्र अमरजीत यादव सवार थे।
हादसे में शिटु यादव के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है। कबीर यादव के दाहिने हाथ, कंधे और पैर में चोट लगी है। धनंजय यादव भी दुर्घटना में घायल हुआ है।
लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना तमकुहीराज पुलिस और घायलों के परिजनों को दी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।



