कुशीनगर के एक तहसील गेट पर बाइक में घुसा विषैला सर्प, चेन में फंसकर हुई मौत

SHARE:

चाय की दुकान पर बैठे लोगों ने देखा तो मचा हड़कंप, सीट और साइड कवर खोलकर खोजा गया सांप; देखने के लिए जुटी भीड़

 

 

तमकुहीराज, कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील गेट के सामने गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फरियादी की बाइक में अचानक विषैला सर्प घुस गया। बाइक में सांप के घुसने की जानकारी होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने बाइक से सांप को निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सांप बाइक की चेन में फंसा मिला। बाइक स्टार्ट करने पर घूमती चेन में फंसकर सांप की मौत हो गई।

चाय की दुकान पर बैठे लोगों ने देखा सांप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तहसील गेट के पास चाय की दुकान पर बैठे कुछ लोगों ने सांप को बाइक में घुसते हुए देखा। उन्होंने तत्काल बाइक मालिक और आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लोग सावधानी के साथ सांप को बाहर निकालने में जुट गए।

सांप को खोजने के लिए बाइक की सीट, साइड कवर और अन्य हिस्से खोले गए। इसके बावजूद काफी देर तक सांप दिखाई नहीं दिया। लोग लगातार बाइक के अलग-अलग हिस्सों में उसकी तलाश करते रहे।

 

चेन में फंसा था सर्प

काफी देर की तलाश के बाद पता चला कि सांप बाइक की चेन में फंसा हुआ है। इसके बाद उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बाइक को मेन स्टैंड पर खड़ा कर स्टार्ट कर दिया। बाइक की चेन घूमने के दौरान उसमें फंसा सांप कट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने मृत सर्प को बाइक से बाहर निकाला।

सांप देखने के लिए जुटी भीड़

घटना की जानकारी फैलते ही तहसील परिसर और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोग काफी देर तक बाइक और मृत सर्प को देखते रहे। कुछ देर तक यह घटना तहसील परिसर में चर्चा का विषय बनी रही।

सांप के बाइक से निकल जाने के बाद बाइक मालिक ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना था कि समय रहते सांप दिखाई नहीं देता तो बाइक चलाने के दौरान अप्रिय घटना हो सकती थी। लोगों की सतर्कता से संभावित खतरा टल गया, हालांकि सर्प की मौत हो गई।

Ashok Kumar
Author: Ashok Kumar

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now