राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कुशीनगर में कांग्रेस का विरोध मार्च

SHARE:

सुभाष चौक से कठकुइया मोड़ तक निकाला मार्च; कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई

 कुशीनगर। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पडरौना में विरोध मार्च निकाला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक से गांधी प्रतिमा, कठकुइया मोड़ तक मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस के अनुसार यह विरोध उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से संबंधित घटना के बाद दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में किया गया।

‘कानून के अनुपालन की मांग करना विपक्ष का अधिकार’

मार्च के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक समरसता और समानता का अधिकार देता है। कांग्रेस अध्यक्ष के सम्मान से जुड़े मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की मांग करना नेता प्रतिपक्ष का लोकतांत्रिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुपालन की बात करने वाले नेता प्रतिपक्ष पर ही मुकदमा दर्ज करना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई का वैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

‘दबाव की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे’

वरिष्ठ नेता मोहम्मद जहिरूद्दीन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्याय और समानता की बात उठाने वाले विपक्ष के शीर्ष नेता के खिलाफ द्वेषपूर्ण कार्रवाई न्यायसंगत नहीं है।

कांग्रेस नेता धनंजय पहलवान ने कहा कि जनहित और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता एकजुट है। इस प्रकार की दबाव की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

जिला मीडिया प्रभारी देशदीपक मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय की मांग को मुकदमों के जरिए दबाना स्वस्थ शासन व्यवस्था का संकेत नहीं है। प्रशासन को राजनीतिक दबाव से अलग होकर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

मार्च में लालचंद प्रसाद, बृजेश जायसवाल, स्वामीनाथ यादव, सोहराब, पिन्टू, आफताब आलम मिंटू, मुस्लिम अंसारी, आफताब, अब्दुल हमीद, मुर्तजा अली, आर्यन, वारिस अली, शेर अली, छोटेलाल भारती, अविनाश गोंड, संजय कुमार, विनय यादव, जितेन्द्र यादव, उपेंद्र कुशवाहा, कुंदन खरवार, अंकित शर्मा, मधूसुदन कुशवाहा, अब्दुर रहीम, अंकित विश्वकर्मा, प्रवीण सिंह, जाहिद अली कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

A kumar
Author: A kumar

📰 सच, तथ्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध 🎯 खबर वही, जो जनता के काम आए

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now