तमकुहीराज तहसील में प्रदर्शन कर उठाई समान अवसर की मांग; मंच ने दी देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
कुशीनगर के तमकुहीराज में जातिगत आरक्षण समाप्त कर समानता आधारित व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर जातिगत आरक्षण हटाओ विकास मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तमकुहीराज तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव को सौंपा गया। मंच ने सरकार से आरक्षण नीति पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने जातिगत आधार पर आरक्षण व्यवस्था को समाप्त कर आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब वर्ग के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की।
मांग नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से मंच ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने सरकार से आरक्षण नीति को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि इससे जनता के बीच बनी असमंजस की स्थिति भी दूर होगी।
यूजीसी को लेकर भी जताई नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान मंच के सदस्यों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि सरकार देश की शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाली नीतियां अपना रही है, जिससे प्रतिभावान और मेधावी छात्रों के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंच प्रभावित हो सकती है।
मंच ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अवसरों की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें प्रतिभा और आर्थिक जरूरत को प्राथमिकता मिले।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अशोक राय, अखिलेश्वर प्रकाश द्विवेदी, अजय राय, धीरज पाण्डेय, पंकज मिश्रा, अशोक पाण्डेय, प्रदुमन चौबे, रण विजय सिंह, ऋषिकेश तिवारी, प्रिंस तिवारी, राज नारायण पाण्डेय, दीपक पांडेय, आलोक उपाध्याय, राजकुमार तिवारी, नितांत सिंह सहित मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




