तरकुलवा।
तरकुलवा क्षेत्र के कैथवलिया गांव में शनिवार को नवनिर्मित शिव मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के लिए भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें रविवार को महादेव शिव, माता पार्वती, गणेश जी, नंदी समस्त शिव परिवार के प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारे से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभा यात्रा हाथी-घोड़ा, गाजे-बाजे के साथ जुलूस की शक्ल में सुबह मंदिर प्रांगण से निकल कर सबवट, बसंतपुर धूसी, मदारीपट्टी, झारखंडी बाबा और मदारीपट्टी के शिव मंदिरों में जल स्पर्श कराने के उपरांत आचार्यों ने छोटी गंडक नदी के मैनपुर घाट पर कलश में जल भरने का कार्य संपन्न कराया।
जिस मार्ग और घर से यह शोभा यात्रा गुजरी लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में चल रही शिव मंदिर की मूर्तियों का पूजन-अर्चन कर हर-हर महादेव का जयघोष किया। महिलाओं ने मंगलगीत गाकर भक्ति भाव प्रकट किया। इस दौरान प्रधान अरुंधती राव, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश राव, मोटू राव, अखिलेश सिंह, अशोक यादव, भोला यादव, झुन्ना यादव, सुग्रीव साहनी, राम नारायण, इंद्रदेव सिंह, बबलू सिंह आदि मौजूद रहे।




