
देविरया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का पोस्टमार्टम हाउस पूरी तरह हाईटेक होगा। यहां होने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आंनलाइन उपलब्ध रहेगी। इसके लिए कम्प्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य समान उपलब्ध करा दिया गया है। जल्द ही पोस्टमार्टम हाउस पेपरलेस हो जाएगा।
पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस व जीआरपी शवों को लाकर पोस्टमार्टम कराती है। पोस्टमार्टम के लिए थाने से पंचनामा भरकर शव लाया जाता है। कई बार पोस्टमार्टम होने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिल पाती है। कई मामलों में मृतक का बिसरा संग्रह कर भेजा जाता है जिसकी रिपोर्ट मिलने में महीनों लग जाते हैं। फलस्वरूप जांच प्रक्रिया प्रभावित होती है। संदेहजनक मौत के मामले में महीनों बाद रिपोर्ट मिलने से सुबूत व प्रमाण खोजना पुलिस के लिए कष्टदायी हो जाता है। इसी तरह वज्रपात, सांप काटने आदि मामले की रिपोर्ट में भी देरी होने से पीडि़त परेशान होते हैं। ऐसे में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ऑनलाइन करने का निर्णय शासन ने लिया है। उसी क्रम में पोस्टमार्टम हाउस का हाईटेक बनाया जा रहा है।
ऐसे होगा कार्य———–
मेडिको लीगल एक्जामिनेशन एंड पोस्टमार्टम रिपोर्ट व इंटीग्रेटेड लेबोरेटरी रिपोर्टिंग सिस्टम का साफ्टवेयर तैयार है। यह चंडीगढ़ के एनआईसी एप से जुड़ा हुआ है। इससे रिपोर्ट आसानी से अपडेट की जा सकेगी। डॉक्टर, पुलिस, फॉरेंसिक रिपोर्ट सीधे कोर्ट में डिजिटल माध्यम से पहुंचाने के लिए खाका तैयार किया गया है। इस रिपोर्ट को स्वास्थ्य, फॉरेंसिक, पुलिस व फूड एंड ड्रग विभाग को रिपोर्ट ऑनलाइन अपडेट करनी होगी। यह प्रकिया कोर्ट तक पीड़ितों को समय से न्याय दिलाने में मददगार साबित होगी। वहीं, डॉक्टर व पुलिस को केस से सम्बंधित पूरी रिपोर्ट ऑनलाइन ही अपडेट करनी होगी। एप पर सबंधित केस या घटना के क्राइम सीन का ब्योरा भी रहेगा। इसमें घटना के फोटोग्राफ, वीडियो भी डालना होगा।




