
देवरिया। शहर के पुरवा स्थित सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के सामने शुक्रवार को द्वितीय सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारम्भ किया गया। सदर विधायक ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार गाड़ी को रवाना किया। इसके पूर्व डीएम ने मौजूद लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलायी गयी। सड़क हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाने का आवाह्न किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि लोगो को यातायात नियमों के बारे में जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए समय समय पर जागरुता कार्यक्रम चलाना चाहिए। इसके लिए विभाग के साथ ही जिले के स्वंयसेवा संस्थाओं और जागरुक लोगों को आगे आना होगा। जिससे सड़क हादसे में घायल लोगों की जान बचाई जा सके।
जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा यातायात नियमों का पालन करें। जिससे सड़क सुरक्षा पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाने का प्रावधान है। जिले में दुर्घटना में कोई घायल होता है उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाए उनसे कोई पूछ-ताछ नहीं की जायेगी और उन्हें पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार व गुड सेमेरिटन का प्रमाण-पत्र परिवहन विभाग द्वारा प्रदान किया जायेगा। एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि शीत ऋतु में घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढने को लेकर भारी वाहनों जैसे गन्ने का ट्रैक्टर,ट्रक, ट्राला बस आदि वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का निर्देश दिया गया है।
एआरटीओ आशुतोष शुक्ला ने कहा कि सड़क पर बिना लाइसेंस व फिटनेस के वाहनों की जॉच की जायेगी, बसों के स्पीड कंट्रोल डिवाइस की जांच,चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच एवं क्रू की वर्दी की जांच, निगम एवं अनुबंधित बसों में रिफलेक्टिव टेप लगायें, चालकों को रात में बस संचालन के दौरान हेडलाइट के हाईबीम प्रयोग के संबंध में जानकारी देना जैसी गतिविधियों को सुनिश्चित कराया जाएगा। परिचालकों को नशा न करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रैश ड्राइविंग पर नियंत्रण के लिए मार्ग पर बसों का औचक निरीक्षण तथा चालकों की काउंसिलिंग के साथ ही समस्त चालकों की सड़क सुरक्षा के संबंध में काउंसिलिंग एवं प्रशिक्षण के अंतर्गत सीएमवीआर रुल्स तथा वर्तमान परिस्थितियों में एक्सप्रेस-वे व अन्य हाईवेज पर बस के सुरक्षित संचालन, लेन ड्राइविंग ओवरटेकिंग, ब्रेकिंग आदि की जानकारी दी जायेगी।
इसे परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण, चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग को कार्य योजना बनाकर पखवाड़े को सफल बनाएंगे। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी राजेश झा, बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव, यात्रीकर अधिकारी अनिल कुमार तिवारी, टीएसआई भूपेन्द्र सिंह, पीडब्लूडी के अधीक्षण अभियन्ता आरके सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




