
देवरिया।
देवरिया जिले में छठ पर्व के दौरान अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में ससुराल आए एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार बाइक सवार घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को सीएचसी से रेफर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर रविवार देर शाम अज्ञात वाहन के चपेट में आकर बरहज थाना क्षेत्र के गोविंद कुमार 35 वर्ष की मौत हो गई। वह छठ में इंदूपुर ससुराल आए थे। देर शाम को टहलते वक्त सड़क हादसे के शिकार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसी मार्ग पर सोमवार सुबह दो बाइक आपस में टकरा गई। गौरीबाजार के छितही निवासी विजय (35) पुत्र राजू ट्रैक्टर चालक हैं। सोमवार सुबह अपने ट्रैक्टर मालिक निवासी रुद्रपुर कोतवाली के भालीचौर के काशीनाथ (70) के साथ बाइक से गौरीबाजार से गांव लौट रहे थे। गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर इंदूपुर कालीमंदिर के आगे परषोतिमा मोड़ के समीप पहुंचे थे। सामने से आ रही रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गए। इस हादसे में बाइक सवार विजय व काशीनाथ घायल हो गए। वहीं गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर डमरभिस्वा के समीप बाइक सवार दो व्यक्ति हादसे के शिकार हो गए। इस हादसे में चिलौना निवासी राजेश गोड़ (45) पुत्र मुरलीधर, विशुनपुरा निवासी चंदन (28) पुत्र योगेश घायल हो गए। आसपास के लोग घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराए।




