उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही पूरा हुआ छठ माहव्रत

SHARE:

लखनऊ।

प्रदेश में दिवसीय छठ महाव्रत सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही पूरा हो गया। व्रती महिलाओं ने नदी, पोखरों व जलाशयों के किनारे सूर्य को अर्घ्य देकर पुत्र की दीर्घायु व परिजनों के मंगल की कामना किया। छठ माता को अर्पित प्रसाद को ग्रहण कर व्रत पूरा किया। सकुशल व्रत व्रत पूर्ण होने पर सभी प्रसन्न रहे।


भोर में ही व्रती महिलाएं घर से चल पड़ीं। आगे आगे बच्चे चहकते हुए चल दिए। साथ में घर के युवक, युवतियां पूजन सामग्री से भरी दउरी सिर पर लिए चलने लगे। पीछे श्रद्धालु महिलाएं छठ माता का गीत गाते चल रहीं थीं। घाट पर पहुंचकर अपनी वेदी के सामने बैठ गईं। श्रद्धापूर्वक वेदी पर दीप जलाया। छठ मईया को पूजन सामग्री अर्पित कर पुत्र के दीर्घायु व परिवार की कुशलता की कामना कीं। पौ फटने से पहले ही सूर्यदेव के दर्शन को लालायित महिलाएं जल में उतर पड़ीं। समूह में खड़ी व्रतियों की दैवीय छटा मनोहारी लग रही थी।

जलाशओं और नदी घाटों में श्रद्धा का समुद्र उमड़ पड़ा। अरुणोदय होते ही अर्घ्य देने की होड़ लग गई।महिलाओं ने परिजनों और पुरोहित के हाथों अर्घ्य की प्रक्रिया पूरी कर भगवान भाष्कर को प्रणाम किया।

अर्घ्य देते ही झलकी प्रसन्नता

अर्घ्य देने के बाद घाटों पर व्रती महिलाओं के चेहरे व्रत पूर्ण होने की सफलता साफ झलक रही थी। चारों तरफ श्रद्धा, सुख व शांति छा गयी। अर्घ्य देकर सभी ने छठ की वेदी का प्रणाम किया और घर को लौट गए। घर पर पारण कर छठ माता का ध्यान कर अगले साल पुनः व्रत रहने का संकल्प लिया।

छठ मईया के गीतों से गूंजे नदी व पोखरे
अर्घ्य से पहले पोखरे पर छठ गीत गूंज उठे। भक्ति की मस्ती में डूबी व्रती महिलाएं छठ मईया की मनुहार करती जा रहीं थीं। ‘ऊग, ऊग हो सूरुज देव भईल अरघिया के बेर…., ‘नींदियां के मातल सुरुज अंखियों न खोलेंले….’। सूर्य देव के आगमन की प्रतीक्षा करतीं महिलाएं एक फिर छठ माता की मनुहार में गाईं ‘सेविले चरन तोहार हे छठी मइया, महिमा तोहार….’। इससे पहले घर से जब माताएं चलीं थीं तो प्रसाद के बोझ उनकी दउरी लचक गई तब उनके मुख से बरबस निकल पड़ा ‘कांच की बांस के बहिगिंया बहनी लचकत जाए….’।

घरों में भी बजे भक्तिगीत

छठ महापर्व का उत्साह घरों में देखने को मिला। कोसी भरने वाले ज्यादातर घरों में गीत संगीत की धुन छाई रही। ‘तुहू कर छठ के बरतिया रे माई कि सब कुछ हम जुटाईब रे…’ में बेटा की मां से छठ का व्रत रखने की मनुहार ने भाव विभोर कर दिया। एक गीत ‘कोसी हम भरेंली, पूजा करेलीं तोहार रे छठी मईया में…’ आस्था का प्रवाह झलक रहा था।

कुछ घाटों पर रहा चाय का इंतजाम
घाटों पर सुबह अर्घ्य के समय प्रमुख जलाशयों के घाटों पर सभासदों और सामाजिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए चायपानी का इंतजाम किया था। इन स्टॉलों पर व्रतियों के साथ आए लोगों ने चाय की चुस्की ली।

Ibn Bharat
Author: Ibn Bharat

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now