खुखुन्दू(देवरिया)। खुखुंदू क्षेत्र के सुकरौली गांव में भूमि बंटवारे को लेकर दो पट्टीदारों में शुक्रवार को संघर्ष हुआ था। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। इसका वीडियो भी वायरल हुई थी। इस मामले में पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि समेत पांच के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में प्रधान प्रतिनिधि समेत तीन को रविवार को जेल भेज दिया।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के सुकरौली के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अभय कुशवाहा के पिता तीन भाई हैं। दो का परिवार गांव में रहता है, जबकि एक दिल्ली में रहता है। कुछ समय पहले तीनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हुआ। जबकि उनके एक पट्टीदार इस बंटवारे से खुश नहीं थे। अभय कुशवाहा ने अपने और दिल्ली वाले चाचा के खेत में सरसों की बुवाई की है। एक अन्य खेत में सब्जी लगाई है। उस खेत से पट्टीदार भी आ-जा रहे थे। शुक्रवार को अभय के परिजनों ने उसे घेरकर रास्ता बंद कर दिया। आरोप है कि शनिवार को दूसरे पक्ष ने उसे उजाड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर अभय के परिजन लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट के वायरल वीडियो में दोनों पक्ष बुरी तरह एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसा रहे हैं और चीख पुकार सुनाई दे रही थी। इस घटना में एक पक्ष से शिकु पत्नी हरिकेवल कुशवाहा, हरिकेश पुत्र राम प्रवेश, रामप्रवेश पुत्र स्व. शंकर भगत लहूलुहान हो गए। कुछ को गंभीर चोटे आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष के अभय कुशवाहा पुत्र राम विलास कुशवाहा, हरिवंश पुत्र राम विलाश, रामविलास तथा ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी पत्नी अभय को भी चोटें आई हैं। इस मामले में खुखुन्दू पुलिस ने रामप्रवेश कुशवाहा पुत्र शंकर कुशवाहा की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि अभय कुशवाहा व भाई हरिबंश पुत्र गण रामबिलास कुशवाहा, लक्ष्मी देवी पत्नी अभय कुशवाहा, रामबिलास कुशवाहा पुत्र शंकर कुशवाहा, प्रभावती देवी पत्नी हरिबंश कुशवाहा के विरुद्ध धारा 147, 148, 323, 452, 307, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।




