तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को रौंदा, दोनों की मौत
मदनपुर (देवरिया) ।
देवरिया जिले के मदनपुर क्षेत्र में रविवार की सुबह हुए दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दोनों को बुरी तरह से रौंद दिया पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।
मदनपुर थाना क्षेत्र के रमईपुर के रहने वाले मुर्तजा अंसारी(40) रुद्रपुर के आदर्श चौराहे के पास घर बनवाकर रहते हैं। रविवार की सुबह वह स्कूटी से अपनी पत्नी सकीना(38) को लेकर अपने रिश्तेदार मुस्लिम अंसारी के यहां कापरवार जा रहे थे। करीब 9 बजे रुद्रपुर-कपरवार मार्ग पर कुसम्हा चौराहे के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। इस हादसे में मौके पर ही सकीना की मौत हो गई जबकि करीब 10 मीटर तक मुर्तजा अंसारी ट्रक में फंसकर घिसटने के बाद एक तरफ जा गिरे।
हादसे के बाद ट्रक में फंसी स्कूटी करीब 3 किलोमीटर तक घिसटती रही। ग्रामीणों ने भाग रहे ट्रक को बरांव चौराहे के पास पकड़ कर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक समेत ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अधूरी सड़क के चलते हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि कापरवार से रुद्रपुर भभौली तक सड़क बन रही है। सड़क की एक पटरी बन गई है जबकि दूसरी पटरी पर अभी काम होना है। आधी-अधूरी सड़क बनने के चलते यह हादसा हुआ।
मदनपुर के थानेदार नवीन चौधरी ने बताया कि दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक को गिरफ्तार करते हुए ट्रक को कब्जे में लिया गया है।




