सेना के जवान को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

SHARE:


तरकुलवा।
सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत के बाद शनिवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।परिवार के लोगो का रो रोकर बुरा हाल था। सेना के जवान के अंतिम दर्शन के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। गोरखपुर से आए जीआरडी के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।इसके बाद जवान का सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

तरकुलवा थानाक्षेत्र के भरौटा गांव के रहने वाले कन्हैया यादव के बड़े पुत्र प्रदीप यादव(40) 7 जाट रेजीमेंट राजस्थान में तैनात थे। एक साल के लिए उनकी पोस्टिंग लेह लद्दाख में हुई थी, जहां सेवा पूरी करने के बाद वे एक महीने की छुट्टी लेकर दीपावली का त्योहार मनाने घर आए थे। वह शुक्रवार को पत्नी प्रतिमा के साथ स्कूटी से पड़रौना बाजार करने गए थे। वहां से लौटते समय पड़रौना-कसया मार्ग पर बैरिया चौराहे के पास उनकी स्कूटी को एक कार ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे वे सिर के बल सड़क पर गिर गए और उनकी मौत हो गई। जबकि पत्नी प्रतिमा गंभीर रूप से घायल हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर देर शाम को पैतृक आवास पर लाया गया। जहां जवान के अंतिम दर्शन के लिए भारी जन सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार सुबह सैन्य सम्मान के साथ शवयात्रा निकाल कर त्रिमुहानी नदी घाट पर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। जीआरडी रेजीमेंट कुर्नाघाट गोरखपुर के जवान राम बहादुर गुरंड, विशाल परियार, कृष्ण कुमार रोका, शंकर बहादुर, अजय, चंदन आदि जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर जवान के पिता को तिरंगा भेंट किया। इसके बाद पिता ने कंपकंपाते हांथों से पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। उनके निधन से पत्नी, बेटा अखिलेश और बेटी पल्लवी का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम विदाई के दौरान देवरिया सोल्जर बोर्ड से कोई जवान नही पहुंचा था। जिसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश था। इस दौरान भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक डॉ.अजय मणि त्रिपाठी, अमरेन्द्र यादव, पूर्व प्रधान सुभाष यादव, प्रधान राधेश्याम गुप्ता, बैरिस्टर यादव, दुर्गेश तिवारी आदि मौजूद रहे।

Ibn Bharat
Author: Ibn Bharat

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now