समाजशास्त्र या मनोविज्ञान में स्नातक डिग्री जरूरी, पारिवारिक काउंसिलिंग में दो साल अनुभव वालों को वरीयता; 24 हजार रुपए तक प्रतिमाह मानदेय
कुशीनगर। परिवार न्यायालय, कुशीनगर में परामर्शदाता के एक पद पर नियुक्ति के लिए इच्छुक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में 30 अक्टूबर 2026 तक प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, कुशीनगर स्थान-पडरौना के कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। यह जानकारी प्रधान न्यायाधीश गुलाब सिंह-II ने दी।
Loading Viewer...
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास समाजशास्त्र अथवा मनोविज्ञान में से किसी एक विषय में स्नातक की डिग्री और समाज सेवा का अनुभव होना जरूरी है। सामाजिक कार्य में मास्टर डिग्री तथा पारिवारिक काउंसिलिंग में दो वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। अभ्यर्थी की आयु 23 सितंबर 2026 को 35 वर्ष से कम और 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
परामर्शदाता का प्रारंभिक कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। उच्च न्यायालय की संस्तुति के आधार पर तीन वर्ष के लिए नाम पर पुनर्विचार किया जा सकता है। शासनादेश के अनुसार नियुक्त परामर्शदाता को 1,000 रुपए प्रति कार्य दिवस अथवा अधिकतम 24,000 रुपए प्रतिमाह, जो भी कम हो, मानदेय दिया जाएगा।
यह नियुक्ति शासकीय सेवा नहीं मानी जाएगी। परामर्शदाता न्यायालय से संविदा के आधार पर जुड़े रहेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन प्रारूप के साथ शैक्षिक एवं अनुभव प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न कर किसी भी कार्य दिवस में प्रशासनिक अधिकारी के पास व्यक्तिगत रूप से आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन पंजीकृत डाक से भी भेजा जा सकता है। 30 अक्टूबर के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
Author: Anoop k. Yadav
📰 सच, तथ्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध 🎯 खबर वही, जो जनता के काम आए



