बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्प्रभाव बताए, प्रशिक्षण ले रहीं सैकड़ों महिलाओं ने ली बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ

कुशीनगर। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को रविंद्रनगर स्थित कौशल विकास प्रशिक्षण संस्थान में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन कुशीनगर के जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में प्रशिक्षण ले रहीं सैकड़ों महिलाओं को सरकारी योजनाओं और महिला-बाल सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नलिन सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीती सिंह ने महिलाओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108 और 102 के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।
वहीं, बंदना कुशवाहा ने बाल विवाह और दहेज प्रथा पर चर्चा करते हुए इनके सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह रोकने और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
पंपलेट बांटकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट अकाउंटेंट अमन मिश्रा ने विभागीय योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट वितरित किए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर संस्था से विभाकर मिश्रा, सितारा बानो, पवन कुमार और तमन्ना प्रवीन सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षण ले रहीं महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई।
संदेश: “कुशीनगर ने ठाना है, जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाना है।”
Author: A kumar
📰 सच, तथ्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध 🎯 खबर वही, जो जनता के काम आए



