नेपाल सीमा से करीब 100 किमी दूर तरयासुजान में बरामद हुआ शव, कई दिनों तक पानी में रहने से क्षत-विक्षत हुई लाश
तमकुहीराज, कुशीनगर। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद बड़ी गंडक नदी में बहकर आए एक महिला के शव के भारतीय सीमा में पहुंचने की आशंका है। मंगलवार को कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र में बड़ी गंडक नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव नेपाल सीमा स्थित बैराज से नदी के बहाव के रास्ते करीब 100 किलोमीटर दूर मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जंगल के समीप बड़ी गंडक नदी के किनारे स्थानीय लोगों ने मंगलवार को महिला का शव देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तरयासुजान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
कई दिनों तक पानी में रहने से क्षत-विक्षत हुआ शव
थानाध्यक्ष रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद शव नेपाली महिला का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान बड़ी गंडक नदी के तेज बहाव में महिला का शव बहकर भारतीय क्षेत्र में पहुंचा है।
पुलिस के अनुसार, शव कई दिनों तक पानी में रहने के कारण काफी क्षत-विक्षत हो चुका है। इस वजह से मौके पर महिला की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नेपाल प्रशासन से भी संपर्क
पुलिस महिला की पहचान कराने के लिए नेपाल प्रशासन से संपर्क कर रही है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी महिला के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने के बाद शव को उसके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद बड़ी गंडक समेत अन्य नदियों के जलस्तर और बहाव को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ गई है। नदी में शव मिलने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ी है।




