
देवरिया। श्री श्री 1008 कालीचरण स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित रात्रिकालीन वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भरथुआ (देवरिया) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर की मजबूत टीम को 3-2 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। रोमांचक मुकाबले का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे। 
भागलपुर के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच गोरखपुर, भरथुआ, आजमगढ़ और बरियारपुर की टीमों के बीच खेला गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं पत्रकार उदय प्रताप सिंह, सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर गामा यादव तथा गंगा यादव ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन भरथुआ की टीम ने गोरखपुर के खिलाफ हुए मुकाबले में बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ भरथुआ ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार स्मैश, ब्लॉक और बचाव ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। खेल प्रेमियों ने तालियों और उत्साहवर्धन के माध्यम से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। पूरे मुकाबले में रोमांच बना रहा और अंतिम सेट तक जीत-हार का फैसला नहीं हो सका।
आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय यादव उर्फ मुलायम, उपाध्यक्ष पप्पू यादव एवं कोषाध्यक्ष इरफान अहमद ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर बृजभान यादव, संजीत साहनी, अंकित चौरसिया, आबिद अली, चंदन यादव, इंतजार अहमद, अभिषेक चौरसिया, लक्की, अब्दुल रजाक, बीनू, अफान अहमद, मिंटू यादव, आदर्श एवं आर्यन सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पूर्व खिलाड़ी सुवंश यादव, सुनील चौरसिया, नूर आलम, श्रवण प्रसाद, गुफरान, चिंतामणि चौरसिया, रमजान अली उर्फ छोटू टाइगर, रिंकू जायसवाल, सन्नी बसंत, आदित्य सिंह, अंकित पटेल, अखंड प्रताप सिंह, श्रेय पटेल, सत्यम यादव, पवन चौरसिया और दिलीप बांसफोर सहित सैकड़ों दर्शकों ने प्रतियोगिता का आनंद लिया।



