देवरिया। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शनिवार को कोतवाली क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उन्होंने ताजिया जुलूस मार्गों, ताजिया रखने के स्थानों तथा कर्बला स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक पर्याप्त पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचे तथा लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों के लिए निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही जुलूसों के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
फ्लैग मार्च और निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली राकेश कुमार राय सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।

मोहर्रम को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।



