कांग्रेस देश की सबसे बड़ी समस्या, कर्फ्यू लगाना इसके डीएनए का हिस्सा : योगी आदित्यनाथ

SHARE:

 

दौसा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे बड़ी समस्या है और कर्फ्यू लगाना इसके डीएनए का हिस्सा है। यहां लालसोट स्थित अशोक शर्मा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बीजेपी के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विशाल जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने दौसा लोकसभा सीट से कन्हैया लाल मीणा के पक्ष में जनता से वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि राममंदिर बनवाना तो दूर, कांग्रेस के लोग श्रीराम और श्रीकृष्ण को काल्पनिक बताया करते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में केवल गरीबों के हक पर डाका डालने का कार्य हुआ है।

पूरे देश में एक ही आवाज है, फिर एक बार…
योगी आदित्यनाथ ने दौसा की जनता का आभार जताते हुए कहा कि राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने दौसा में प्रचार किया था, जिसके फलस्वरूप जनता ने पार्टी प्रत्याशियों को आशीर्वाद दिया और यहां की आठ में से पांच विधासभा सीटों पर कमल खिला। उन्होंने कहा कि इस बार 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव प्रचार अभियान में वह दौसा आए हैं और ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि पूरा देश पहले से ही परिणामों को लेकर आश्वस्त है। लोग मान चुके हैं कि मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने वाली है। पूरे देश में एक ही आवाज है, फिर एक बार मोदी सरकार। ये जो मोदी सरकार की चर्चा हो रही है वो अचानक नहीं है। ये भारतीय समाज की वह अभिव्यक्ति है जो मोदी जी ने 10 वर्ष के अंदर देश को दिया है। उसके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए देश की जनता जनार्दन तीसरी बार भी मोदी जी को सत्ता सौंपने के लिए कृत संकल्पित है।

कश्मीर विकास की मुख्यधारा के साथ जुड़कर आगे बढ़ रहा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 साल में दुनिया में भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। पहले देश में आतंकी गतिविधियां होती थी। तीन दिन पहले ब्रिटेन के अखबार में समाचार निकला कि पाकिस्तान में 20 आतंकियों को चुन चुनकर मारा गया है। ये नया भारत है जहां आतंकियों का राम नाम सत्य हो रहा है। पूरी दुनिया के लोग ये मान रहे हैं कि भारत का कदम विश्व मानवता के हित में है। कोई देश आज आतंकवाद को प्रश्रय देने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है। उसे पता है कि आतंक को प्रश्रय दिया तो एयर स्ट्राइक से लेने के देने पड़ जाएंगे। बीते 10 साल में देश के अंदर से नक्सलवाद, आतंकवाद, कश्मीर की पत्थरबाजी समाप्त हो चुकी है। अब कश्मीर विकास की मुख्यधारा के साथ जुड़कर लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ रहा है। लाखों पर्यटक जम्मू कश्मीर जा रहे हैं। अमरनाथ यात्रा और मां वैष्णो देवी के दर्शन को लोग सुरक्षित वातावरण में जा रहे हैं।

कांग्रेस के लोग गरीबों के हक पर डकैती डालते थे
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े कार्य हो रहे हैं। साथ ही हर घर नल योजना, पीएम कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत हर खेत और घर तक पानी पहुंचाने का संकल्प भारत में पूरा हो रहा है। एक समय था जब कांग्रेस के लोग गरीबों के हक पर डकैती डालते थे। मगर, मोदी सरकार में 80 करोड़ गरीबों को फ्री में राशन का लाभ मिल रहा है। 60 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपए के स्वास्थ्य बीमा का कवर मिल रहा है। इतना ही नहीं चार करोड़ गरीबों के मकान, 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, माताओं को उज्ज्वला योजना का लाभ भी मिल रहा है।

राम के बगैर कोई काम नहीं, कृष्ण के बगैर कोई लीला नहीं
योगी ने कहा कि आज देश के नौजवानों के लिए आजीविका की व्यवस्था है, तो हर भारतीय के आस्था का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि राम और कृष्ण कभी हुए ही नहीं। ये लोग क्या राममंदिर बनवा पाते। ये भारत है, जहां राम के बगैर कोई काम नहीं, कृष्ण के बगैर कोई लीला नहीं होती। राजस्थान की मीरा बाई ने श्रीकृष्ण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया था। हम भारतीयों में कोई ऐसा नहीं जो राम और कृष्ण के बगैर अपना जीवन व्यतीत करता हो। मगर, कांग्रेस नहीं चाहती थी कि अयोध्या में राममंदिर के निर्माण की बाधाएं समाप्त हो, क्योंकि कांग्रेस अपने आप में समस्या है। कांग्रेस देश की समस्या है, इसलिए देश को समस्याएं देती रही। मोदी जी ने समाधान दिया है। अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। अब किसी को अयोध्या पर कोई संदेह नही होगा।

मोदी जी 140 करोड़ भारतवासियों के लिए कार्य करते हैं
मुख्यमंत्री ने दौसा की जनता को अयोध्या आने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग 10 साल पहले अयोध्या गये होंगे वो जब चुनाव बाद अयोध्या जाएंगे और देखेंगे तो यही कहेंगे कि धरती पर सचमुच कहीं स्वर्ग है तो वो अयोध्या में है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव मात्र एक चुनाव भर नहीं है। यह भारत को विकसित भारत बनाने की संकल्पना को साकार करने का एक अवसर भी है। मोदी जी के का करिश्माई नेतृत्व हम सबके सामने है। मोदी जी 140 करोड़ भारतवासियों के लिए कार्य करते हैं। कोरोना काल में उन्होंने दुनिया की सबसे बेहतरीन वैक्सीन अपने वैज्ञानिकों के माध्यम से फ्री में हर भारतीय के लिए उपलब्ध कराई। कांग्रेस का समय होता तो फ्री में वैक्सीन और राशन भूल जाइए, गरीबों के हक पर डकैती पड़ती। कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर को आंतंक का गढ़ बना दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने आर्टिकिल 370 को खत्म करके कश्मीर से आतंकवाद की जड़ को खत्म करने का काम किया है। साथ ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को पहली बार जम्मू कश्मीर में आरक्षण की सुविधा का लाभ दिया गया। सुशासन का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है।

इस अवसर पर कन्हैया लाल मीणा, राज्यवर्धन सिंह राठौर, जसकौर मीणा, रामविलास मीणा, राजेन्द्र मीणा, संजय भाटिया, प्रभुदयाल शर्मा सहित बीजेपी के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

Ibn Bharat
Author: Ibn Bharat

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now