प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर में निकली शोभा यात्रा, हुई पुष्प वर्षा

SHARE:

 

देवरिया।

22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम जन्म मंदिर में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर शनिवार को शहर में प्रभु की शोभायात्रा निकाली गई। रुद्रपुर मोड़ से निकली शोभा यात्रा का नेतृत्व सदर सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी तथा सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी ने किया।
रुद्रपुर मोड़ से भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विशाल जनसमूह के बीच भगवान श्री राम की शोभा यात्रा निकाली। जो बस स्टैंड, कचहरी चौराहा होते हुए टाउन हॉल के निकट स्थित श्री राम जानकी मंदिर पर समाप्त हुई। कचहरी चौराहे पर जिला प्रभारी संतराज यादव भी शोभा यात्रा में सम्मिलित हुए। इस दौरान जय श्री राम के जयकारे लग रहे थे। इससे पूर्व मानव चलित रथ पर सवार श्री राम व सीता के सुंदर वेश में बैठे बालक व बालिका की विधिवत पूजन करने के पश्चात सांसद और विधायक के नेतृत्व में श्री राम का जयघोष करते हुए कार्यकर्ता व श्रद्धालु श्री राम जानकी मंदिर के लिए प्रस्थान किए। रास्ते में श्रद्धालुओं द्वारा शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा करके जगह जगह स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल भक्त साउंड पर बज रहे गाने पर समूह नृत्य करते हुए झूमते हुए चल रहे थे। यात्रा के दौरान फरुआहि नृत्य भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान सांसद, विधायक के साथ सभी लोगों ने मंदिर में दर्शन और पूजन किया। यहां भजन कीर्तन भी चल रहा है। सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि यह क्षण हृदय को आह्लादित कर देने वाला है। 22 जनवरी को जब रामलला अपने मंदिर में विराजमान होंगे और यह दिन व तारीख इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो जायेगा। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 22 जनवरी को सभी लोग अपने-अपने घरों में दीप जलाकर दीपावली मनाएं। भजन-कीर्तन करें और भंडारे का भी आयोजन करें, यह हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष अलका सिंह, श्रीनिवास मणि, राजेश मिश्रा, संजय तिवारी, प्रमोद शाही, कृष्ण नाथ राय, जितेंद्र प्रताप राव, अनिल मिश्रा, सुजीत प्रताप सिंह, प्रभाकर तिवारी, रंजीत सिंह, रमेश वर्मा, संजय पांडे, सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आकर्षक ढंग से सजा सुभाष चौक:
अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए शहर के सुभाष चौक स्थित नेता जी की प्रतिमा को भी आकर्षक तरीके से सजया गया है। उधर जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को सरकारी कार्यालयों को सजाने का शुरु कर दिया गया है। दोपहर से ही विकास भवन को झालर से सजाने का शुरु हो गया था।

22 को सार्वजनिक अवकाश घोषित:
जिला मजिस्ट्रेट अखंड प्रताप सिंह ने बताया है कि अयोध्या में रामजन्म भूमि परिसर में बने मन्दिर में प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन 22 जनवरी सुनिश्चित है। इसके दृष्टिगत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन हिन्दू धर्म के लोगों द्वारा प्रभु श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन जनपद में स्थित मन्दिरों व अपने घरों पर बड़े ही धूम-धाम से मनाया जायेगा। उन्होंने कहा है कि 22 जनवरी दिन-सोमवार को जनपद में किसी भी स्थान पर मांस, मछली की दुकाने पूर्णतः बन्द रहेंगी। उन्होंने कहा है कि सभी मांस मछली के विक्रेता इसका अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

Ibn Bharat
Author: Ibn Bharat

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now