
देवरिया। सदर कोतवाली के सोनूघाट चौराहे पर 112 पीआरबी बाइक से डयूटी जा रहे सिपाही और होमगार्ड को शुक्रवार को टैंकर ने रौंद दिया। इस हादसे में मौके पर ही सिपाही की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि होमगार्ड की स्थिति गंभीर है। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने टैंकर को सीज कर दिया जबकि चालक फरार है।
गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना के आराजी माफी गंडवा निवासी आरक्षी हरिश्चंद्र यादव (35) पुत्र विजय शंकर यादव पीआरबी बाइक 112 में तैनात थे। उनका सोनूघाट के आस-पास क्षेत्र था। हरिश्चन्द्र यादव की पत्नी आशा महिला आरक्षी है और वह भी जिले में ही डायल 112 में तैनात हैं। पति-पत्नी पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहते थे। उन्हे डेढ़ साल का एक बेटा व तीन साल की एक बेटी है। शुक्रवार की शाम करीब चार बजे वह आवास से बाइक से होमगार्ड मुकुल सिंह के साथ डयूटी पर निकले। बाइक होमगार्ड चला रहा था। दोनों सोनूघाट चौराहे के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे की तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हे रौंद दिया। टैंकर के पिछले पहिये के नीचे आने से सिपाही की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी जबकि होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर डायल-112 के पुलिस कर्मी तथा सदर कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को ट्रक के नीचे से बाहर निकलवाया और पंचानामा की कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। घायल होमगार्ड का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे लेकर उसे सीज कर दिया।
पुलिस महकमे में ही तैनात है कांस्टेबल की पत्नी
कांस्टेबल हरिश्चंद्र यादव की पत्नी आशा भी पुलिस महकमे में ही तैनात है। वर्तमान में वह भी डायल 112 में पुलिस लाइन देवरिया में ही ड्यूटी कर रही हैं। पति के मौत की खबर सुनकर पोस्टमार्टम पहुंची पत्नी महिला आरक्षी आशा चित्कार उठी। वह रोते-रोते कई बार बेहोश हो जा रही थी। पुलिस कर्मी की टैंकर से कुचल कर मौत की खबर सुनकर पुलिस अधिकारी व कई महिला व पुरूष पुलिस कर्मी भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गये। सभी घटना को लेकर आहत थे।




