
तरकुलवा।
तरकुलवा क्षेत्र के सिरवनिया व कोंहवलिया दो गांवो में बुधवार को सदर सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी ने भारत सरकार की विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं की लोगों को जानकारी देना है। भारत सरकार ने पांच सालों में 13.5 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। हर महीने 80करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। केंद्र सरकार ने हर घर नल, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस, गर्भवती महिलाओं को पोषाहार, शौचालय, बिजली आदि का इंतजाम करके समृद्ध और विकास भारत के सपनों को साकार कर रही है। यह सब प्रधानमंत्री मोदी जी के दृढ़ संकल्प और कुशल नेतृत्व से संभव हो रहा है। इस दौरान सांसद ने दो शिशुओं का अन्न प्राशन और दो महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम संपन्न किया। उन्होंने ड्रोन से नैनो यूरिया के छिड़काव का भी उद्घाटन किया। इसके पूर्व खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय ने बुके व शाल ओढ़ा कर अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष सत्यप्रकाश पांडेय,वरिष्ट भाजपा नेता राधेश्याम, प्रमोदसिंह, ग्राम प्रधान लालमुनि देवी,जेपी कुशवाहा, नीरज श्रीवास्तव, जनार्दन कुशवाहा, चुन्नू राव मुन्ना निषाद,नेबुलाल,लक्की पाण्डेय, रणजीत सिंह,आदि मौजूद रहे।




