देवरिया।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति(दिशा) की बैठक बुधवार को सलेमपुर सांसद सलेमपुर रविन्दर कुशवाहा की अध्यक्षता में विकास भवन के गांधी सभागार में हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, विद्युत, सड़क निर्माण में विलंब, जिला अस्पताल में मरीजों को लेंस नहीं मिलने सहित अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
सदर सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने फसल बीमा, श्रम विभाग, आयुष्मान कार्ड और विधवा वृद्ध पेंशन के संबंध में लोगों को जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में जरूरतमंद इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे गोष्ठी कर लोगों को इसके बारे में बताएं। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि बैठक में उठाये गए बिंदुओं के समाधान किये जाने में अधिकारी अग्रणी भूमिका में रहे।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में जो भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित रह गये है उनका आनलाईन आवेदन करायें और उन्हें लाभान्वित भी करें। प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों में संवाद होते रहना चाहिये। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टोलरेन्स की नीति है। उन्होंने कहा कि शहर में मल्टी लेविल पार्किंग बनेगी।
इसके लिए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल चयनित को किया गया है व 25 करोड़ की बजट धनराशि निर्गत भी कर दी गयी है। सलेमपुर सांसद कुशवाहा ने कहा कि समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाये, जिससे इसकी प्रासंगिकता बनी रहे।
राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने रामजानकी मार्ग हेतु अधिग्रहित भूमि के किसानों को मुआवजा दिलाये जाने को कहा तथा मनरेगा कार्यों में भुगतान में शिथिलता नहीं बरतने को कहा। उन्होंने अपने विधानसभा के कुछ चिन्हित सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। विधायक रुद्रपुर जय प्रकाश निषाद ने रुद्रपुर कपरवार मार्ग के निर्माण कार्य की गुणवता पर सवाल उठाया। जिसपर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि 2020 में इसी स्वीकृति मिली थी। एक वर्ष में पूर्ण हो जाना था।
ठेकेदार की लापरवाही से अभी कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही किये जाने का निर्देश दिया गया। रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने कहा कि जल निगम विभाग द्वारा पानी की टंकियों एवं पाइप लाइन बिछाये की सूचना संबंधित विभागों को भी दें, जिससे कि उस दौरान ही असुविधाओं को दूर किया जा सके। विधायक भाटपाररानी सभाकुंवर ने मदनचक में बन्द सहकारी समिति के गोदाम को खुलवाये जाने को कहा।
इस दौरान एमएलसी रतनपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, बांसगांव सांसद प्रतिनिधि संजय सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, अमित सिंह, बनकटा ब्लाक प्रमुख बृन्दा कुशवाहा, सदर विधायक प्रतिनिधि नवीन सिंह ने जन समस्याओं को रखा। जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह ने कहा कि बैठक में जो भी सुझाव बिन्दु आये हैं प्रत्येक विभाग की समीक्षा कर सभी कमियों को दूर किया जायेगा।
बैठक में एजेन्डावार बिन्दुओं को डीडीओ रवि शंकर राय ने प्रस्तुत किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चंद्र तिवारी, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ प्रत्यूष पाण्डेय, सीएमओ डॉ. राजेश झा, डीएफओ जगदीश आर उप निदेशक कृषि, डीपीआरओ सर्वेश पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णकान्त राय, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी राजेश सिंह, मनोज पांडेय, अधीक्षण अभियंता विद्युत जीसी यादव, अन्य अधिकारी, क्षेत्र पंचायत प्रमुख/प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।




