
देवरिया। साहब मुझे बचा लीजिये, ये सूदखोर मुझे मार डालेंगे। मैं इनके चुंगल में फंस चुका हूं। ये मुझे बहुत मारे पीटे हैं और मुझे गोलियों से छलनी करने की धमकी दे रहे हैं। जितना मैनें लिया नहीं उसके दस गुना दे चुका हूं फिर भी मुझे मारपीट रहे हैं। मुझे सुरक्षा दीजिये नहीं तो मैं आत्म हत्या कर लूंगा। शहर के एक व्यवसाई ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री व पुलिस अधिकारियों से यह गुहार लगाई है।
शहर के कचहरी चौराहे पर चश्मा व मोबाइल की दुकान चलाने वाले शहर के उमानगर निवासी सच्चिदानंद गुप्ता ने अपने भाई उमेश गुप्ता के साथ यह वीडियो जारी किया है। वीडियो में वह रोते बिलखते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि वे सूदखोरों के चुंगल में बुरी तरह फंस चुके हैं। लिए गए पैसे से दस गुना दे चुके हैं फिर भी सूदखोर उन्हें छोड़ नहीं रहे हैं। वह एक व्यक्ति का नाम लेकर आरोप लगा रहे हैं कि सूद का पैसा मूल रकम से कई गुना अधिक लौटाने के बाद भी उसने बुला कर मेरा पीटा और धमकी भी दे रहा है।




