
देवरिया। बोर्ड परीक्षा के लिए बने केंद्रों पर आई आपत्तियों की जांच पूरी हो चुकी है। शुक्रवार को डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी बैठक कर इस पर अपना फैसला लेगी। बैठक में सभी तहसीलों के मजिस्ट्रेटों की जांच रिपोर्ट अहम होगी। माना जा रहा है कि करीब दो दर्जन परीक्षा केंद्रों में बदलाव हो सकता है। इसे लेकर गुरुवार को दिन भर डीआईओएस कार्यालय में चर्चाओं का दौर जारी रहा।
जिले में हाई स्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा के लिए 177 केन्द्र बनाए गए है। इस केन्द्रों को लेकर जिले के 356 विद्यालयों ने आपत्ति दिया था। जिसमें 13 विद्यालयों ने अपने स्कूल से केन्द्र हटाने की मांग किया था। वहीं 113 विद्यालयों ने अपने स्कूल को परीक्षा केन्द्र बनाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। वहीं 167 ने स्कूल से 15 से 25 किलोमीटर दूर केन्द्र बनाने की शिकायत किया था। 25 स्कूल जो केन्द्र बने है उनके प्रधानाचार्यो ने छात्रों की संख्या कम करने के लिए पत्र दिया था। वहीं 26 जनप्रतिनिधियों ने भी केन्द्र बनाने के लिए पत्र भेजा है। इन सभी आपत्तियों की जांच के लिए सभी तहसील क्षेत्र के एसडीएम और तहसीलदार को जिम्मेदारी दिया गया था। इसमें सदर तहसील से 156, रुद्रपुर तहसील क्षेत्र से 13, सलेमपुर तहसील क्षेत्र के 119, बरहज क्षेत्र से 40 और भाटपाररानी क्षेत्र से 28 आपत्तियों की जांच किया था। इसमें रुद्रपुर एसडीएम ने जांच कर रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को उपलब्ध करा दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी स्कूलों की क्रास चेकिंग किया। डीआईओएस ने इसकी जानकारी बुधवार को डीएम कार्यालय को उपलब्ध कराया। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला स्तरीय कमेटी के सदस्यों को शुक्रवार को बैठक का समय दिया है। इसकी जानकारी होने पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर पत्रावली को ठीक किया जाता रहा। इसमें स्कूलों के बारे में जानकारी एकत्र किया गया था। बैठक में केन्द्र बने स्कूलों ने सेंटर हटाने की मांग किया है। उस पर चर्चा होगी और उनके स्थान पर नए केन्द्र बनाने का निर्णय लिया जाएगा।




