
देवरिया। देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के सुकईं परसिया में 18 नवंबर को छठ की खरीदारी के लिए पैसे मांगने पर पत्नी की हत्या कर शव लेकर फरार आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। साथ ही महिला का शव भी बरामद कर लिया है। आरोपी ने पत्नी का शव कुशीनगर जिले में मझना नाला के पास झाड़ियों में फेंका था। इस मामले में गांव के चौकीदार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।
सुरौली थाना क्षेत्र के सुकईं परसिया निवासी विपिन सिंह उर्फ आलोक सिंह पुत्र अमरेन्द्र सिंह ने चार वर्ष पूर्व अपने पड़ोस की रहने वाली खुशबू उर्फ शीतला सिंह से प्रेम विवाह किया था। दोनों शहर के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहते थे। दोनों से तीन साल की एक बिटिया भी है। विपिन शहर के ही एक मिट्टी व्यापारी की जेसीबी चलाता था। एक माह पूर्व खेती के काम निपटाने गांव आया हुआ था। शनिवार को वह खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था तभी उसकी पत्नी खुशबू खेत में पंहुच गई और छठ पूजा व घर खर्च के लिए पैसा मांगने लगी। इसे लेकर दोनों में विवाद हुआ और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खुशबू ने विपिन पर पत्थर चला दिया। इससे बौखलाए विपिन ने पैर से दबा कर खुशबू को मार डाला और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पुआल में छिपाकर शव लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि हत्या के बाद शव लेकर कुशीनगर चला गया। हाटा-गोरखपुर नेशनल हाईवे के पास अहिरौलीबाजार थाना क्षेत्र के भगवानपुर बुजुर्ग गांव के पास बड़ा मझना नाले के किनारे झाड़ी में छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। अहिरौली बाजार पुलिस मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी। पुलिस ने मृतका की मां को थाने पर बुलाकर तहरीर देने को कहा लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद सुकई परसिया गांव के चौकीदार रामप्यारे की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया।
सीसीटीवी व सर्विलांस के जरिए पकड़ में आया विपिन
पुलिस ने शहर के दर्जनों सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें आरोपी विपिन सिंह ट्रैक्टर लेकर सीसी रोड से गोरखपुर पुरवा होते हुए हाटा रोड पर जाते दिखाई दिया। मोबाइल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर पथरहट के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
बात फैलाने पर ले ली थी सत्यनारायन की जान
विपिन और खुशबू में प्रेम प्रसंग बहुत पहले से था। दोनों का घर पड़ोस में ही था। चोरी-छिपे मिलते रहते थे। एक बार गांव के सत्यनारायन कुशवाहा ने दोनों को मिलते हुए देख लिया था। इसके बाद यह बात धीरे-धीरे गांव में फैलाने लगा। इससे बौखलाए विपिन ने 28 जुलाई 2017 को अपने दोस्त सत्यनारायन की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी थी। यही नहीं उसने सत्यनारायण की आंख फोड़ दी थी और कान काट लिए थे। इस मामले में वह जेल गया और दो साल बाद जमानत पर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद खुशबू से शादी कर ली। पड़ोस में ही शादी करना परिवार व गांव को नागवार लगा तो वह पत्नी के साथ शहर में किराये के मकान में रहने लगा। दोनों की शादी के एक साल बाद बिटिया पैदा हुई।
अपराधी प्रवृत्ति का विपिन गांव में दिखाता था दबंगई
अपराधी प्रवृत्ति का विपिन गांव में दबंगई दिखाता रहता है। उसके खौफ का ही असर था कि लोगों ने पत्नी की हत्या और शव लेकर जाते देखा पर न तो विरोध किया और न ही समय से पुलिस को सूचित किया।
खुशबू के परिजनों ने तोड़ लिया था नाता
विपिन से शादी करने के बाद खुशबू के परिजनों ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था। खुशबू के पिता कई वर्षों से विदेश में रहते हैं। उनका एकमात्र बेटा आर्मी में है। खुशबू भी अकेली बेटी थी। उसने घरवालों की मर्जी के खिलाफ विपिन से विवाह कर लिया। यह बात परिजनों को ठीक नहीं लगी और उन्होंने उसी समय से उसे अपने परिवार का हिस्सा मानने से इंकार कर दिया था। इसी वजह से उसके पिता ने गांव आना बंद कर दिया। परिवार के लोग गांव छोड़कर शहर के नजदीक मकान बनवाकर रहने लगे।
कोट
हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर महिला का शव भी बरामद कर लिया गया है। केस दर्ज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संकल्प शर्मा, एसपी, देवरिया




