होम्योपैथी चिकित्सालयों के भवन निर्माण को 2.4 करोड़ जारी,जल्द शुरु होंगे काम

SHARE:

देवरिया।
देवरिया जिले के जर्जर  होम्योपैथी अस्पतालों के दिन आने वाले दिनों में बहुरने वाले हैं। शासन ने होम्योपैथी चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए 2.4 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इस रकम से जिले में आठ अस्पतालों का निर्माण किया जाएगा। इससे मेडिकल स्टॉफ को रोगी परीक्षण और दवा देने में सुविधा होगी।

देवरिया जिले में होम्योपैथी के 27 अस्पताल  हैं। इसमें से 20 अस्पतालों के पास अपना भवन नहीं है। आठ अस्पताल नि:शुल्क भवन में संचालित हैं। 12 अस्पताल किराए के भवन में संचालित किए जा रहे हैं। इन अस्पतालों को अपने भवन में शिफ्ट करने के लिए प्रयास शुरू हो गया है। शासन ने आठ अस्पतालों के भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये प्रति अस्पताल की दर से 2.4 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।
इस रकम से राजकीय होम्यौपैथी चिकित्सालय बघौचघाट, स्वामी पट्टी, सिरसियां, ऊसरा बाजार, हौली बलिया, रामलक्षन, छपौली, रामपुर अवस्थी और अजयपुरा में स्थित होम्योपैथी चिकित्सालयों का निर्माण किया जाएगा। इसमें से राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय रामपुर अवस्थी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में और अजयपुरा पंचायत भवन में संचालित किया जाता है।

तीन कमरे और एक बरामदे का होगा निर्माण
तीस लाख रुपये की रकम से चिकित्सालय में तीन कमरों का निर्माण किया जाएगा। एक कमरा डॉक्टर के लिए, एक फार्मासिस्ट और एक कमरा स्टोर के लिए होगा। साथ में बरामदा और शौचालय भी बनाया जाएगा। स्टोर के निर्माण से दवाओं को रखने में सुविधा होगी।

मात्र सौ रुपये महीना सरकार देती है किराया
किराए के भवन में संचालित राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालयों के लिए सरकार प्रति चिकित्सालय सौ रुपये महीना किराया भवन स्वामी को देती है। सूत्रों की मानें तो भवनों के किराए की दर 1980 से नहीं बदली गई है। इसके चलते कुछ चिकित्सालयों के भवन स्वामी चिकित्सालयों को हटाने का अनुरोध कर चुके हैं। इससे विभाग सांसत में है।

अन्य विभागों के भवन में नि:शुल्क संचालित हैं आठ चिकित्सालय
राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालयों में से आठ अन्य विभागों के भवन में संचालित होते हैं। इसमें राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय महुआडीह, भटनी दादन, बटुलही और रामपुर अवस्थी स्थानीय पीएचसी के कमरों में संचालित होते हैं। वहीं राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय गोडवली व अजयपुरा पीएचसी में, जिला मुख्यालय का चिकित्सालय मेडिकल कालेज के पुराने भवन में और भूड़ीपाकर एएस सेंटर में संचालित होता है।

आठ होम्योपैथी चिकित्सालयों के निर्माण के लिए धन जारी हुआ है। प्रति चिकित्सालय 30 लाख रुपये शासन से दिया गया है। दो अन्य चिकित्सालयों के लिए भी भूमि मिल गई है। इसकी सूचना भेज दी गई है। शीघ्र ही इनके निर्माण के लिए धन मिल जाएगा। बाकी चिकित्सालयों के लिए भूमि की ढ़ूंढ़ी जा रही है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह
जिला होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी

Ibn Bharat
Author: Ibn Bharat

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now