कुशीनगर में एयरपोर्ट मार्ग पर स्टंटबाजी का कहर, आमने-सामने भिड़ीं बाइक; 5 युवक घायल

SHARE:

एयरपोर्ट कर्मचारी का पैर टूटा, दो गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर; तीन युवकों पर स्टंटबाजी का आरोप

कसया। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग पर बाइक से कथित स्टंटबाजी के दौरान गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। एक बाइक पर सवार तीन युवकों की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टकरा गई। हादसे में एयरपोर्ट कर्मचारी समेत पांच युवक घायल हो गए। एयरपोर्ट कर्मचारी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज, रविंद्र नगर धूस रेफर किया गया।

पतया निवासी अभय मद्धेशिया बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर निवासी एयरपोर्ट कर्मचारी प्रकाश गुप्ता ने बाजार तक जाने के लिए उनसे लिफ्ट मांगी। प्रकाश को बाइक पर बैठाकर अभय आगे बढ़े ही थे कि सामने से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई।

दूसरी बाइक पर सिताबारी गोबरही निवासी अबरार सिद्दीकी तथा गंगा छपरा निवासी इरफान अंसारी और अरमान अंसारी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक बाइक से स्टंट करते हुए आ रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही अभय की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरकर घायल हुए सभी

टक्कर इतनी तेज थी कि अभय और प्रकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक भी सड़क पर गिरने से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया।

सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद अभय और प्रकाश की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज, रविंद्र नगर धूस रेफर कर दिया। प्रकाश के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।

स्टंटबाजों पर कार्रवाई की मांग

एयरपोर्ट मार्ग पर बाइक से तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों का कहना है कि ऐसे बाइक सवारों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। राहगीरों ने स्टंट करने वाले बाइक सवारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

कस्बा चौकी प्रभारी मनोज द्विवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Laddu Sharma
Author: Laddu Sharma

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now