कुशीनगर में दरोगा की सरकारी पिस्टल छीनकर भागा 50 हजार का इनामी, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

SHARE:

पेट में दर्द का बहाना बनाकर अस्पताल ले जाते समय वारदात; झड़वा रेलवे अंडरपास के पास पुलिस ने घेरा, पिस्टल-कारतूस बरामद

कुशीनगर। तरयासुजान थाना क्षेत्र में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आशु कुमार यादव को पुलिस ने सरकारी पिस्टल छीनकर भागने के कुछ ही समय बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मौके से दरोगा से छीनी गई सरकारी पिस्टल, मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आशु कुमार यादव पुत्र रामइकबाल यादव, निवासी विन्दवलिया, थाना कुचायकोट, गोपालगंज (बिहार), तरयासुजान थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 252/2026 में वांछित था। 30 अगस्त को उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी की टीम ने उसे गिरफ्तार किया था।


पेट दर्द का बहाना, रास्ते में दरोगा की पिस्टल लेकर भागा
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के कुछ समय बाद आशु ने पेट में असहनीय दर्द होने की बात कही। इसके बाद उसे हवालात से निकालकर उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह और कांस्टेबल रुपेश यादव की सुपुर्दगी में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।
रास्ते में आरोपी ने कथित तौर पर बहाना बनाकर वाहन रुकवाया। नीचे उतरते समय उसने उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह के पिस्टल होल्स्टर से सरकारी पिस्टल निकाल ली। पुलिस के अनुसार उसने पिस्टल कॉक कर पुलिसकर्मी पर तान दी और वहां से भाग निकला।

रेलवे अंडरपास के पास पुलिस ने घेरा
पिस्टल लेकर आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही तरयासुजान, तमकुहीराज थाने की पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी। झड़वा रेलवे अंडरपास के समीप पुलिस टीमों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी प्रतिरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आशु के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पिस्टल के साथ 9 कारतूस बरामद
पुलिस ने मौके से एक सरकारी पिस्टल, एक खोखा कारतूस, आठ जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिस टीमों ने की कार्रवाई
कार्रवाई में थानाध्यक्ष तरयासुजान नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक तमकुहीराज गिरजेश उपाध्याय, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक स्वतंत्र देव सिंह के साथ उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, भूपेन्द्र प्रसाद, विवेक अवस्थी तथा कांस्टेबल रामनिवास यादव, रुपेश यादव, रामलखन यादव और एजाज अंसारी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Ashok Kumar
Author: Ashok Kumar

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now