नई नवेली पत्नि को नया मोबाइल दिलाने के लिए कुशीनगर में की लूट, 3 आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

सेवरही पुलिस और स्वाट की संयुक्त कार्रवाई; 9100 रुपए, सैमसंग मोबाइल, लेडीज पर्स और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

कुशीनगर के तमकुहीराज मेला से घर लौट रहे परिवार से हैंडबैग लूटने के मामले का सेवरही पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 9100 रुपए नकद, सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल, लेडीज पर्स और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार तीसरे आरोपी के कब्जे से 18 खुले हुए एंड्रॉयड मोबाइल और बड़ी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 30 अगस्त को एसपी कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव के नेतृत्व में की गई।

15 अगस्त की रात हुई थी वारदात

पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त की रात दिलीप सिंह निवासी गौरी श्रीराम, थाना विशुनपुरा, अपनी पत्नी पम्मी पटेल और पुत्र आदर्श सिंह के साथ तमकुहीराज मेला देखकर करीब रात 10 बजे घर लौट रहे थे। अहिरौली हनुमान सिंह स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पत्नी का हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गए।

बैग में 10 हजार रुपए नकद और सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल रखा था। घटना के बाद सेवरही थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

नई नवेली पत्नी को मोबाइल देने के लिए बनाई लूट की योजना

पुलिस की पूछताछ में आरोपी नजरे आलम ने बताया कि उसने अपनी नई नवेली पत्नी को नया मोबाइल देने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके और फैयाज शेख के कब्जे से लूटी गई रकम में से 9,100 रुपए और हैंडबैग बरामद किया है। दोनों आरोपी आपस में मित्र बताए गए हैं।

लूटा मोबाइल दुकान पर बेच दिया

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने लूटा हुआ सैमसंग मोबाइल तमकुहीराज की पुरानी मोबाइल खरीद-बिक्री की दुकान पर आसीर अली को बेच दिया था। पुलिस ने आसीर अली के पास से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आसीर अली चोरी के मोबाइल खोलकर उनके कीमती पार्ट्स—स्क्रीन, टच, कैमरा और बैटरी आदि अलग करता था और उन्हें पश्चिम बंगाल में बेचता था। उसकी दुकान से 18 खुले एंड्रॉयड मोबाइल, बड़ी संख्या में मोबाइल पार्ट्स और कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए।

तीनों पर मुकदमा, बाइक भी जब्त

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैयाज शेख निवासी रकबा दुलमा पट्टी टोला रामसगरा, नजरे आलम निवासी रकबा दुलमा पट्टी टोला रामसगरा और आसीर अली निवासी मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी भटवलिया नंबर-2, तमकुहीराज के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में धारा 309(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP57CC8485 भी बरामद की गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Anoop k. Yadav
Author: Anoop k. Yadav

📰 सच, तथ्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध 🎯 खबर वही, जो जनता के काम आए

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now