शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 से अधिक मेधावी सम्मानित

SHARE:

पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी बोले- शिक्षा का महत्व अनादि काल से रहा, आगे भी कायम रहेगा

कसया। बौद्ध स्थली कुशीनगर स्थित एक निजी होटल में रविवार को प्रोफेसर राजा यादव मेमोरियल एजुकेशन वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में डॉ. गीता यादव उत्कृष्ट पुरस्कार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, संगीत और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें आगे बढ़ने का उत्साह पैदा करते हैं। आज मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का महत्व अनादि काल से रहा है और भविष्य में भी इसका महत्व बना रहेगा।

उन्होंने कहा कि पहले लोग पेड़ के नीचे बैठकर शिक्षा ग्रहण करते थे, जबकि वर्तमान समय में आधुनिक संसाधनों और तकनीक के माध्यम से शिक्षा प्राप्त की जा रही है।

सम्मान से बढ़ता है प्रतिभाओं का आत्मविश्वास

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश प्रताप राव बंटी ने कहा कि प्रतिभाओं को उचित मंच और सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे आयोजन दूसरे विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भंते महेंद्र ने विद्यार्थियों को भगवान बुद्ध के संदेश ‘अप्प दीपो भव’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि व्यक्ति को स्वयं अपना मार्गदर्शक बनकर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

हाईस्कूल से नीट और खेल तक उपलब्धियों का सम्मान

समारोह में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, नीट, संगीत, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने अतिथियों के प्रति आभार जताया और सम्मानित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन मजीबुल्लाह राही और राजेश पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राकेश यादव उर्फ भोला पूर्व प्रधान मथौली, डॉ. प्रियेश त्रिपाठी, बच्चा यादव, अमरजीत यादव, असीम कृष्ण राय, भगवान सिंह, वीरेंद्र सिंह सैथवार, अभय प्रताप यादव, मनु तिवारी, एजाज अहमद, जाहिद अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Laddu Sharma
Author: Laddu Sharma

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now