लंबी बीमारी के बाद पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्र का निधन, पार्टी में शोक की लहर

SHARE:

लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस; 2002 में भाजयुमो जिलाध्यक्ष और 2009 में भाजपा के जिलाध्यक्ष बने थे।

कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्र का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्होंने शाम 4:20 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे कुशीनगर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया से लेकर उनके डिघवां स्थित आवास तक देर रात तक श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।
अखिलेश मिश्र लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान शनिवार को उनकी हालत बिगड़ी और उनका निधन हो गया। उनके असमय निधन की खबर से भाजपा संगठन में शोक का माहौल है।

एबीवीपी से शुरू किया राजनीतिक सफर

अखिलेश मिश्र ने छात्र जीवन से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़कर सक्रिय राजनीति में आए। वर्ष 2002 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बने। इसके बाद वर्ष 2009 में भारतीय जनता पार्टी कुशीनगर के जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में भूमिका निभाई। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति सक्रियता के कारण पार्टी कार्यकर्ताओं में उनकी अलग पहचान थी।

‘भाजपा को हुई अपूरणीय क्षति’

भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने अखिलेश मिश्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में इलाज के दौरान उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

भाजपा नेताओं ने जताया शोक

अखिलेश मिश्र के निधन पर पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा सिंह, लल्लन मिश्र, जयप्रकाश शाही, डॉ. प्रेमचंद मिश्र, नंद किशोर मिश्र, अजय तिवारी, रजनीकांत मणि त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष विजय शुक्ला, रमेशचंद सिंह, सुरेंद्र सिंह, डॉ. सीमा गुप्ता, मीनू जिंदल, पशुपति जायसवाल, डॉ. टीएन राव, प्रवीण गुंजन, जिला महामंत्री अतुल श्रीवास्तव, विवेकानंद शुक्ल, रामगोपाल गुप्ता, जिला मंत्री विश्वरंजन कुमार आनंद, कन्हैया शर्मा, ज्ञानविक्रम सिंह, हरिगोबिंद रौनियार, कन्हैया कुशवाहा, रोशनी भारती, राम क्यास सिंह, धनंजय राय, जिला कोषाध्यक्ष नंदकिशोर नाथानी, कार्यालय मंत्री सुदर्शन पाल और जिला मीडिया प्रभारी अमित राय समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया।
नेताओं ने कहा कि अखिलेश मिश्र के निधन से भाजपा ने एक सक्रिय और अनुभवी कार्यकर्ता खो दिया है। संगठन में उनके योगदान और उनकी कमी को पूरा करना आसान नहीं होगा।

Anoop k. Yadav
Author: Anoop k. Yadav

📰 सच, तथ्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध 🎯 खबर वही, जो जनता के काम आए

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now