नेहरू इंटर कॉलेज में ओवरएज नियुक्तियों का आरोप, प्रबंधक के बहनोई बने मुख्य लिपिक; DIOS ने जांच के दिए संकेत

SHARE:

नेहरू इंटर कॉलेज जिसपर नियुक्तियों में गड़बड़ी का आरोप

आरटीआई से सामने आई जन्मतिथि और नियुक्ति की जानकारी, वरिष्ठता विवाद के बीच उठे भर्ती प्रक्रिया पर सवाल

कुशीनगर जिले के सेवरही क्षेत्र के नेहरू इंटर कॉलेज, तरया सुजान में लिपिक पदों पर हुई नियुक्तियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर आरोप है कि विद्यालय प्रबंधक के सगे बहनोई सहित दो लोगों की अधिकतम आयु सीमा पार होने के बावजूद नियुक्ति कर दी गई। मामले के सामने आने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने इसे गंभीर बताते हुए कॉलेज से स्पष्टीकरण तलब करने और जांच कराने की बात कही है।


मामला तब सामने आया जब विद्यालय के कर्मचारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति की मांग करते हुए आरटीआई के तहत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची मांगी। प्रथम अपीलीय अधिकारी के आदेश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने विद्यालय से सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।
आरटीआई से मिली सूचना के अनुसार, संजय कुमार मिश्रा की जन्मतिथि 15 जुलाई 1977 दर्ज है और उनकी नियुक्ति 17 नवंबर 2023 को मुख्य लिपिक के पद पर हुई। आरोप है कि वह विद्यालय के प्रबंधक के सगे बहनोई हैं। वहीं दिवेश कुमार की जन्मतिथि 15 मार्च 1972 दर्ज है और उनकी नियुक्ति 16 दिसंबर 2023 को सहायक लिपिक के पद पर की गई।
शिकायतकर्ता का दावा है कि नियुक्ति के समय दोनों की आयु क्रमशः 46 वर्ष 4 माह और 51 वर्ष से अधिक थी, जबकि लिपिक पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित है। इसी आधार पर नियुक्तियों की वैधता पर सवाल उठाए गए हैं।
मामले में दैनिक भास्कर से बातचीत में जिला विद्यालय निरीक्षक कुशीनगर ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होता है। कॉलेज को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की सत्यता प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी, लेकिन आरटीआई से सामने आए दस्तावेजों ने नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Ibn Bharat
Author: Ibn Bharat

Join us on:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now