देवरिया। देवरिया कसया जिला सहकारी बैंक लिमिडेट की 93 वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक रविवार को टाउनहाल स्थित आडिटोरियम में हुई। जिसमें बैंक के लेखा जेाखा प्रस्तुत किया गया। किसानों और ग्राहकों को समृद्ध बनाने के लिए ऋण के बारे में चर्चा किया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि निर्बल एवं कमजोर लोंगों को सूदखोरों एवं साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराने का कार्य बैंक कर रहा है। इससे देवरिया और कुशीनगर के किसान आर्थिक रूप से सुदृढ हो रहे है।
उन्होंने कहा कि जिले के कृषि उत्पादन एवं आर्थिक विकास में बी-पैक्स एवं देवरिया कसया जिला सहकारी बैंक लिमिडेट की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले में निर्बल एवं कमजोर लोंगों को सूदखोरों एवं साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराने तथा आर्थिक रूप से सुदृढ करने के लिए स्थापना की गयी है। इस कार्य को देवरिया कसया जिला सहकारी बैंक एवं उससे सम्बद्ध 328 बी-पैक्स द्वारा एक शतक से अधिक समय से कुशलतापूर्वक किया जा रहा है।
बैंक के उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि कहा कि अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु जब दो या दो अधिक लोग मिल कर कोई कार्य करते हैं तो यह सहकार कहलाता है। इस प्रकार सहकारिता स्वतः प्रसूत है। बी-पैक्स एवं जिला सहकारी बैंक को आर्थिक रूप से मजबूत कर उसके माध्यम से क्षेत्र के कृषक सदस्यों एवं निर्बल वर्ग के लोगों को उसका लाभ दिलाने के लिये अधिक से अधिक कार्य करने की आवश्यकता है।
देवरिया कसया जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रवीन्द्र प्रताप मल्ल ने कहा कि बैंक वर्ष 1906 से लगातार कार्यरत है। उपलब्ध संसाधनों एवं वर्तमान में अंगीकृत की गयी तकनीकी के साथ बैंक निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है व विगत 7 वर्षों से निरन्तर वार्षिक लाभ की स्थिति में है। आगामी वर्षों में हमारी कोशिश होगी कि बैंक के संसाधनों में वृद्धि सरकारी एवं संस्थागत खातों को बैंक में लाने, सरकारी योजनाओं का धन बैंक में रखने तथा व्यक्तिगत निक्षेपों को बढाया जाय। बैंक द्वारा मात्र 3 प्रतिशत वार्षिक की ब्याज दर से अल्पकालीन ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है। अग्रेत्तर चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 में बैंक में किये जा रहे कार्य-कालाप एवं वर्ष 2024-25 के लिए प्रस्तावित कार्यकलाप का विवरण प्रस्तुत किया गया। जिसमें गृह ऋण, वाहन ऋण, व्यवसायियों को कैश केडिट ऋण वितरित किया जाना प्रस्तावित है। पीसीएफ का खाता इस बैंक में खुलवा कर बैंक के व्यवसाय में वृद्धि किया जाएगा। बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्यारे लाल एवं उपमहाप्रबन्धक शैलेश कुमार मिश्र ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव फेडरेशन के अध्यक्ष वाल्मीकि त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड सन्तराज यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन अंगद तिवारी ने किया।




