देवरिया।
देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र में मंगलवार को दरवाजे पर लगे हैंडपंप से पानी भरने के विवाद में एक युवक ने अपने दादा की हत्या कर दिया। वही चाची को मारपीट के गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद युवक अपनी मां के साथ घर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची एकौना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एकौना थाना क्षेत्र के बेलवा दुबौली गांव के बनियापुर टोला के रहने वाले बलराम निषाद (70) पुत्र अयोध्या निषाद के चार बेटे हैं। जिसमें सबसे बड़ा बेटा गुड्डू निषाद, अनिल निषाद, राजू निषाद, जय निषाद हैं। जिसमें बड़ा बेटा गुड्डू निषाद विदेश में रहता है। घर में चारो अलग-अलग रहते हैं। बलराम निषाद अपने दूसरे नंबर के बेटे अनिल के परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार की सुबह अनिल निषाद की पत्नी सीमा देवी दरवाजे पर लगे हैंड पंप पर पानी भरने गई। इस दौरान किसी बात को लेकर गुड्डू के बेटा रामू से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद होता देख बलराम निषाद बीच बचाव करने आए। यह बात रामू को नागवार लगी । वह घर में गया और लाठी लेकर आया और अपनी चाची सीमा देवी (35) पत्नी अनिल निषाद के सिर पर वार कर दिया । यह देख उसके दादा बलराम निषाद बचाने आए तो उनके ऊपर भी लाठी से कई बार प्रहार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। जिससे उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर एकौना की प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह मौके पहुंची । इसके पूर्व हत्यारा रामू अपनी मां के साथ घर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अंशुमान श्रीवास्तव भी मौके पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली।




