दक्षिणी क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ, देशभर में टॉप-4 में बनाई जगह; सेफ्टी ऑफिसर सोहम की भूमिका रही अहम
मंगलूरु। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के आसनूर टर्मिनल ने सुरक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला सेफ्टी परफॉर्मेंस अवॉर्ड हासिल किया है। टर्मिनल को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए दक्षिणी क्षेत्र का विजेता घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु शामिल हैं। खास उपलब्धि यह भी है कि आसनूर टर्मिनल ने देशभर के टर्मिनलों में टॉप-4 में जगह बनाई है।

यह सम्मान IOC के ‘SPRINT 2026 – Mission Excellence’ के तहत स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण (HSE) प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार के साथ टर्मिनल को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र भी मिला।
इस उपलब्धि में टर्मिनल के सेफ्टी ऑफिसर सोहम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने, प्रभावी सुरक्षा उपाय तैयार करने और उन्हें जमीनी स्तर पर लागू कराने की जिम्मेदारी उन्होंने संभाली। टर्मिनल इंचार्ज की ओर से उन्हें काम करने की पर्याप्त स्वायत्तता और जिम्मेदारी दी गई, जिसका परिणाम इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया।

सोहम ने टर्मिनल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संभावित जोखिमों की पहचान कर उन्हें कम करने पर विशेष जोर दिया। उनकी पहल और पूरी टीम की प्रतिबद्धता ने आसनूर टर्मिनल को दक्षिणी क्षेत्र में शीर्ष स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पहली बार मिला यह पुरस्कार आसनूर टर्मिनल की सुरक्षा संस्कृति, टीमवर्क और बेहतर कार्यप्रणाली का प्रमाण माना जा रहा है। उपलब्धि पर टर्मिनल परिवार में खुशी का माहौल है और टीम को बधाइयां मिल रही हैं।



