बरवा जंगल के समीप एनएच-28 पर हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में कराया गया भर्ती
कसया (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के बरवा जंगल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि अभियानकपुर निवासी सत्येंद्र यादव (30) पुत्र रामलक्षण यादव बाइक से किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से बड़हरा निवासी नीरज (22) पुत्र जुगुल सिंह अपने पिता जुगुल सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बरवा जंगल के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी कसया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज, रविंद्रनगर धुस रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार सत्येंद्र यादव का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि नीरज और उनके पिता जुगुल सिंह का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
इस संबंध में एसआई उज्ज्वल गौड़ ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।



