भाजपा हाटा नगर मंडल की कार्यसमिति बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ने दिया संगठन मजबूती का मंत्र, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुई चर्चा
हाटा (कुशीनगर)। भारतीय जनता पार्टी हाटा नगर मंडल की मंडल कार्यसमिति बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र देते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निरंतर संपर्क से ही संगठन को और मजबूत बनाया जा सकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ स्तर की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, हाटा विधायक मोहन वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं हाटा नगर मंडल प्रभारी जगदम्बा सिंह तथा मोतीचक ब्लॉक प्रमुख अर्चना प्रदीप सिंह ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और निरंतर सक्रियता के बल पर मजबूत हुआ है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर सक्रिय रहकर संगठन की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक के दौरान मंडल की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सक्रियता से निभाए।
बैठक में मंडल अध्यक्ष अवधेश सिंह, प्रमोद सक्सेना, उदयभान कुशवाहा, मनीष रुग्टा, विशाल वर्मा, हरी गौण, आनंद वर्मा, वेदप्रकाश पाण्डेय, ऋषि त्रिपाठी, रबिश सिंह सहित मंडल के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सभी ने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।



