सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर किया जागरूक

कसया। आशा इंटरनेशनल स्कूल में बृहस्पतिवार को कसया पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने छात्रों से संवाद कर सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।
पुलिस ने छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। साइबर अपराध से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने और इंटरनेट का सावधानी से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।

इस दौरान छात्राओं से अलग से बातचीत कर स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानियों और असामाजिक तत्वों से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। पुलिस ने छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने और बिना झिझक शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। छात्रों को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी यातायात और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।



