चार और पांच सितंबर को लगेगा ऐतिहासिक डोल मेला, आसपास के गांवों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
कसया। तुर्कपट्टी बाजार का ऐतिहासिक और पारंपरिक दो दिवसीय डोल मेला शुक्रवार से शुरू होगा। चार और पांच सितंबर को आयोजित होने वाले मेले में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भव्य झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजन को लेकर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन समिति से जुड़े व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, शैलेन्द्र तिवारी और संतोष गौड़ ने बताया कि वर्षों पुरानी परंपरा के तहत शुक्रवार रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आकर्षक झांकी निकाली जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।

शनिवार को दिनभर डोल मेले का आयोजन होगा। इसमें आसपास के गांवों के साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मेले का प्रमुख आकर्षण पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इसमें क्षेत्र और आसपास के नामी पहलवान दांव-पेंच आजमाएंगे। कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक कुश्ती का आनंद लेने की अपील की है।




