नेपाल की बाढ़ त्रासदी के बीच कुशीनगर का युवक लापता; 216 मेगावाट हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में इलेक्ट्रिशियन फोरमैन था करन, लापता कर्मचारियों की सूची में नाम
कुशीनगर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और उसके बाद पैदा हुए हालात के बीच कुशीनगर के एक परिवार की चिंता बढ़ गई है। कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के मलूकही गांव निवासी करन शर्मा नेपाल के रसुवा जिले के त्रिशूली में स्थित 216 मेगावाट के हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में इलेक्ट्रिशियन फोरमैन के पद पर कार्यरत थे। त्रासदी के बाद से उनका परिवार से संपर्क टूट गया है। परियोजना की ओर से जारी लापता कर्मचारियों की सूची में करन शर्मा का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।
करन पिछले कई वर्षों से नेपाल में काम कर रहे थे। रसुवा जिले के त्रिशूली में संचालित हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में वह इलेक्ट्रिशियन फोरमैन के तौर पर तैनात थे। घटना के बाद से परिवार उनकी जानकारी के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
घटना वाली रात घरवालों से हुई थी फोन पर बात
परिजनों के अनुसार, नेपाल में हालात बिगड़ने से पहले घटना वाली रात करन की घरवालों से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय तक परिवार के लोगों को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था। बातचीत के बाद अचानक संपर्क टूट गया।
इसके बाद परिवार ने कई बार करन के मोबाइल पर फोन किया और दूसरे माध्यमों से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। समय बीतने के साथ परिवार की चिंता बढ़ती गई। इसी बीच हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की ओर से लापता कर्मचारियों की सूची जारी होने की जानकारी मिलने पर परिजनों की बेचैनी और बढ़ गई।

पत्नी और दो बच्चों को सुरक्षित लौटने का इंतजार
करन शर्मा की शादी बोदरवार क्षेत्र के भलुई गांव निवासी रंभा देवी से हुई है। उनके दो बच्चे हैं। पति के लापता होने की खबर के बाद पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन नेपाल में चल रहे राहत और बचाव अभियान से करन की जानकारी मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्हें भरोसा है कि बचाव अभियान के दौरान करन का पता चल सकता है और वह सुरक्षित मिल सकते हैं।
मलूकही गांव में भी पसरी चिंता
करन के लापता होने की खबर गांव पहुंचने के बाद मलूकही में भी चिंता का माहौल है। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार परिवार के संपर्क में हैं और करन के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
नेपाल की प्राकृतिक त्रासदी के बीच कई परिवार अपनों की जानकारी के लिए परेशान हैं। इसी कड़ी में कुशीनगर के करन शर्मा का मामला भी सामने आया है। परिवार के लिए हर गुजरता पल उम्मीद और चिंता के बीच बीत रहा है। अब सभी की नजर राहत एवं बचाव अभियान और करन की तलाश से जुड़ी अगली जानकारी पर टिकी है।




