
देवरिया।
देवरिया महोत्सव में रविवार की चीनी मिल ग्राउंड पर महिला सहायता संघ की सदस्यों ने लघु नाटिका के माध्यम से मतदान करने का संदेश दिया। महिला सहायता संघ की सदस्य मंजू गोयल, भारती शुक्ला, रूबिना सिद्दकी, प्रियंका सिंहा, विमला कुशवाहा, गुड़िया प्रजापति, रानी राजभर, दुर्गा कुमारी, ललिता कुमारी व अनम सिद्दीकी ने नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से निष्पक्ष, निर्भय होकर मतदान कर उपयुक्त प्रत्याशी के चयन के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर आकांक्षा समिति की अध्यक्षा भावना सिंह ने लोकतंत्र के महापर्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार पूर्वक डाला। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र एक ऐसा शासन का माध्यम है या शासन का रूप है जिसमें सरकार का चयन आमजन करता है। अतः यह सरकार जनता के द्वारा,जनता की और जनता के लिए होती है। सरकार के इस चयन प्रक्रिया में आम जन की भागीदारी का जो माध्यम है उस माध्यम को ही मतदान कहा जाता है।इसी मतदान के माध्यम से हम अपनी मनपसंद सरकार का चयन करते हैं। मतदान एक बहुत ही महत्वपूर्ण और बहुत ही शक्तिशाली आधार है सरकार की चयन प्रक्रिया में आम जन की भागीदारी का। इसी माध्यम से जनता अपनी मनपसंद सरकार का चयन करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को मतदान में बढ़चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने नाटक द्वारा दिये गए सन्देश की सराहना की और जनपदवासियों से आगामी चुनाव में निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप 75 प्रतिशत मतदान करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर एसडीएम विपिन द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी रविशंकर राय सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।




