
देवरिया।
देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के चुरिया टोला स्थित प्राथमिक स्कूल के समीप गेहूं के खेत में एक महिला का शव बरामद हुआ। महिला की हत्या कर शव को फेंका गया था। महिला के शव की शिनाख्त अभी नहीं हुई है।
लार थाना क्षेत्र के चुरिया टोला प्राथमिक विद्यालय के समीप सोमवार की सुबह गेंहू के खेत में एक लगभग (35) वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक महिला की शिनाख्त कराने की प्रयास में पुलिस जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। महिला गहरे हरे रंग की बूटेदार साड़ी पहनी हुई है। महिला के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसे किसी दूसरी जगह हत्या करके पीले रंग के प्लास्टिक में बांधकर खेत में फेंक दिया गया है।
ग्रामीणों की सूचना पर मेहरौना पुलिस स्टाफ मौके पर तुरंत पहुंच कर विधिक कार्रवाई में जुट गई। उधर अज्ञात महिला के शव मिलने की सूचना पर घटना स्थल पर सीओ दीपक शुक्ला, कोतवाल सलेमपुर मनोज वाजपेई सहित प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव चौधरी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए।जानकारी के मुताबिक अभी फोरेंसिक टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।




