देवरिया। जिले के चारों डिवीजन में ओटीएस स्कीम के आखिरी दिन कार्यालयों पर राजस्व काउंटरों पर लोगों की भीड़ लगी रही। अधिकारी कार्यालय में बैठकर ओटीएस की फाइल को निपटाते रहे। वहीं उपभोक्ता राजस्व काउंटर पर पहुंच कर बिलों को भुगतान करते रहे। जिला मुख्यालय के राजस्व काउंटर देर शाम तक खुले रहे। ठंड को देखते हुए उपभोक्ताओं के लिए अलाव की व्यवस्था किया गया था।
प्रदेश सरकार द्वारा जारी एकमुश्त समाधान योजना 2023 (ओटीएस) रविवार की देर रात को समाप्त हो जाएगी। 31 दिसम्बर के आखिरी तारिख होने के चलते बिजली विभाग के सभी राजस्व काउंटर खुले रहें। देवरिया, सलेमपुर, बरहज और गौरीबाजार डिवीजन के सभी काउंटर खुले रहे। इसके लिए विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ठंड और छुट्टी होने के बाद भी कार्यालय पहुंच गए थे। आखिरी दिन अधिक से अधिक लोगों को ओटीएस का लाभ मिल सके इसके लिए देवरिया डिवीजन के अधिशासी अभियंता वी के सिंह कर्मचारियों को लेकर उपभोक्ताओं को फोन करा रहे थे।
उपभोक्ता कार्यालय पहुंच रहे थे, जहां पर अधिकारी बिलों में सुधार कर छूट करते हुए राजस्व काउंटर पर भेज दे रहे थे। जहां पर उपभोक्ताओं की लाइन लगी हुईथी। वहीं कुछ उपभोक्ता रुपये की कमी के बारे में अधिकारी को बता रहे थे तो उनका बिल का भुगतान तीन पार्ट में कर उन्हें सुविधा दिया जा रहा था। जिससे बिजली बिल का भुगतान करने के लिए देर शाम तक लोग काउंटर पर पहुंचते रहे। देर शाम तक राजस्व काउंटरों पर लोगों की लम्बी लाइन लगी रही। भीड़ को देखते हुए विभाग के अधिकारियों ने काउंटर के समीप अलाव की व्यवस्था किया था। देर शाम तक काउंटरों को खोल कर बिल जमा कराया गया।




