
देवरिया। ओटीएस में मिले लक्ष्य प्राप्त करने के लिए देवरिया डिविजन के अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अभियान चलाया। शहर के अलग अलग स्थानों पर बिजली बिलों के 332 बकाएदारों के कनेक्शन को काट दिया गया। वहीं ओटीएस का लाभ उठाने का आवाह्न किया है। देर शाम को भी एक्सईएन ने भ्रमण कर कटे हुए कनेक्शनों की जानकारी ली।
विद्युत वितरण खण्ड देवरिया के अधिशासी अभियंता बीके सिंह के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने गुरुवार को अलग अलग मोहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। बिजली विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान में 332 बकायेदार उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा। जिसमें से कुछ उपभोक्ता लाईन कटने के बाद ओटीएस का रजिस्ट्रेशन कराकर उपकेन्द्र कार्यालय पहुंचे। जहां पर उपभोक्ता के ओटीएस रजिस्ट्रेशन की रसीद दिखाने पर कर्मचारी लाईन जोड़ दिए। कटे हुए लाईनों का अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड द्वारा रात में क्रास चेकिंग कराया जा रहा है। जिससे कोई भी कटे हुए कनेक्शन के बाद भी विद्युत का उपयोग कर रहा है तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
अधिशासी अभियंता बीके सिंह ने बताया कि ओटीएस 2023 31 दिसंबर 2023 तक ही चलेगा, अब सिर्फ 3 दिन बाकी है। देवरिया जिले के सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि जल्द से जल्द कैश काउन्टर, सीएससी अथवा ऑनलाइन माध्यम से ओटीएस का रजिस्ट्रेशन कराकर छूट का लाभ प्राप्त करें। अब यह योजना अपने अन्तिम चरण में है लाईन डिस्कनेक्शन से बचने से ओटीएस का उपभोक्ता फायदा उठा लें। गुरुवार को काउन्टर एवं सीएससी पर लगभग 725 उपभोक्ताओं ने ओटीएस कराया तथा रेड केस में भी अब तक कुल 375 लोगो ने ओटीएस का लाभ दिया गया।




