कुशीनगर के हाटा विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय भठही राजा में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधी और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना को जीवंत किया।
राखी बांधने के बाद विद्यार्थियों ने एक-दूसरे की मदद करने, सम्मान देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व के साथ प्रेम, भाईचारे, समानता, सहयोग और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और खुशी का माहौल रहा।
प्रधानाध्यापक राजीव नयन द्विवेदी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। विद्यालयों में इस तरह के आयोजन बच्चों में सामाजिक और नैतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही आपसी सहयोग, समानता और भाईचारे की भावना के प्रति जागरूक करना जरूरी है। रक्षाबंधन जैसे पर्व बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी बोध कराते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रवीण राव, अमित सिंह, तेज प्रताप, राकेश और वीरेंद्र सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




