कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त बोले- कुशीनगर में चीनी मिलें बंद, स्वास्थ्य-शिक्षा व्यवस्था बदहा
प्रभारी के प्रथम जनपद आगमन पर फाजिलनगर में कांग्रेस की बैठक, बोले- जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे कार्यकर्ता

कुशीनगर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल जोन प्रभारी अभिषेक दत्त के पहली बार कुशीनगर पहुंचने पर बुधवार को फाजिलनगर स्थित ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में जिले की बुनियादी समस्याओं, विकास कार्यों की जमीनी स्थिति और स्थानीय जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अभिषेक दत्त ने प्रदेश सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुशीनगर उपेक्षा और बदहाली का सामना कर रहा है। जिले की पहचान रही अधिकांश चीनी मिलें बंद हैं, जिससे किसानों के सामने परेशानी खड़ी है।
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं, चिकित्सकों और जरूरी सुविधाओं की कमी है। इसके कारण आम लोगों को महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
अभिषेक दत्त ने कहा कि जिले में उच्च, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के पर्याप्त संस्थान नहीं हैं। इसके कारण शिक्षित युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था में भी संसाधनों की कमी का आरोप लगाया।
उन्होंने जल जीवन मिशन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि योजना के तहत कई स्थानों पर गुणवत्ताविहीन निर्माण और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी।
कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचने का आह्वान
कांग्रेस नेता ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उन्हें मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता मौजूदा शासन के कुप्रबंधन से परेशान है और बदलाव की उम्मीद कांग्रेस से कर रही है। कार्यकर्ताओं को सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठानी होगी।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवीन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने की, जबकि संचालन संगठन मंत्री तारकेश्वर सिंह ने किया।

इस दौरान स्वामीनाथ यादव, मो. जहिरूद्दीन, धनंजय सिंह, आनंद मणि त्रिपाठी, सीमा भारती, देशदीपक मिश्रा, अश्विनी मिश्रा, सीमा गुप्ता, पलटन यादव, गोरख प्रसाद, दीपक मल्हार, गुड्डी पासवान, संगीता प्रजापति, माला भारती, आदित्य तिवारी, नागेंद्र सिंह, रमजान अली, राधाकृष्णन शर्मा, वारिस अली, राजू कुशवाहा, अशोक सिंह पटेल, सैफ पठान, मंटू यादव, उमाशंकर आर्य, रमेश गुप्ता, अजीत कुमार दीक्षित, सफीकुन नेशा, वकील गुप्ता, अरशद रजा, सीताराम प्रधान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Anoop k. Yadav
📰 सच, तथ्य और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध 🎯 खबर वही, जो जनता के काम आए




