
देवरिया। जिले के भलुअनी कस्बे में आयोजित एक वैवाहिक समारोह इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक बेटी की शादी को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर और पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस अनूठी पहल को जिले में एक आदर्श वैवाहिक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।
भलुअनी स्थित एक मैरेज लॉन में शुक्रवार रात आयोजित विवाह समारोह में दुल्हन दिव्या मद्धेशिया को आशीर्वाद देने पहुंचे परिजनों, रिश्तेदारों, महिलाओं और युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। समारोह में लगाए गए “आशीर्वाद रक्तदान शिविर” में कुल 23 लोगों ने रक्तदान किया।
रक्तदान करने वालों को रक्तवीर युवा क्लब गोरखपुर के संस्थापक एवं सीआईडी पुलिसकर्मी शिवांबुज पटेल तथा नाहिद स्टार चैरिटेबल ब्लड बैंक की टीम द्वारा स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से रक्तदान कर जीवन बचाने और पौधारोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस पहल के सूत्रधार स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी (यूथ ब्रिगेड) के संस्थापक एवं समाजसेवी संतोष मद्धेशिया वैश्य हैं, जो स्वयं 26 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने अपनी पुत्री दिव्या की शादी को समाज में जागरूकता फैलाने का माध्यम बनाया। संतोष मद्धेशिया ने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों को रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग मानव जीवन और प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आएं।
रक्तदान शिविर में दुल्हन के चाचा राजेश मद्धेशिया, राकेश मद्धेशिया सहित शाहीन फातिमा, विशाल मद्धेशिया, प्रमोद मद्धेशिया, जयगोविंद मद्धेशिया, विजय गुप्ता, हरिकेश तिवारी, धनंजय यादव, गोपालचंद्र गुप्ता, सज्जाद अंसारी समेत 23 लोगों ने भाग लिया।
समारोह में मौजूद लोगों ने इस अनोखी पहल की सराहना की। कई लोगों का कहना था कि जिले में शादी समारोह के दौरान रक्तदान और पौधा वितरण जैसा आयोजन पहली बार देखने को मिला है। यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।



