
देवरिया। जिले की बिजली थाना और बिजलेंस की टीम बिजली चोरों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही अब एक लाख रुपये से अधिक के बकाएदारों के यहां जाकर बिजली का बिल भी जमा कराएगी। बड़े बकाएदारों के घर अब विद्युत थाना और बिजलेंस के लोग पहुंचेंगे और बिल जमा कराने के लिए दबाव बनाएंगे। विभाग ने बकाएदारों के लिए एक मुश्त समाधान योजना लागू किया था, इसके बाद भी जिले के एक लाख रुपये से अधिक बिल वाले 4478 उपभोक्ताओं ने अपने बिल को जमा नहीं किया। विभाग को उम्मीद है कि दरवाजे पर पुलिस के पहुंचने पर लोग बिलों का भुगतान करेंगे। जिले में इन उपभोक्ताओं पर लगभग 86.69 करोड़ रुपये बकाया है।
देवरिया जिले के चारों डिविजन में लगभग पांच लाख विद्युत उपभोक्ता है। इनमें से लगभग चार लाख उपभोक्ताओं पर काफी बिजली के बिल का बकाया था। इसे देखते हुए बिजली विभाग ने नवम्बर माह में एक मुश्त समाधान योजना लागू किया था। इसके बाद भी जिले के 4478 उपभोक्तओं पर में 85 करोड़ 96 लाख रुपये बकाया है। इन उपभोक्ताओं ने एकमुश्त समाधान योजना में भी रुपये जमा करने के लिए पंजीकरण नहीं कराया है। उपभोक्ताओं से रुपये जमा कराने के लिए बिजली निगम के अभियंता और कर्मचारी कई बार प्रयास कर चुके हैं। इसके बाद भी उपभोक्तओं ने बिला भुगतान नहीं किया। इसे देखते हुए विभाग के आलाधिकारियों ने बिजली थाना और बिजलेंस को बिलों की वसूली कराने के लिए लगाने का निर्देश दिया है। बिजली थाने की पुलिस अपनी धमक दिखाकर बिल वसूलने का कार्य करेंगी। इसके लिए जेई के साथ थाने के प्रभारी निरीक्षक और सिपाही बकाएदारों के घर पर पहुंचेगे। बकायेदारों से तत्काल भुगतान को कहेंगे। यदि भुगतान नहीं हो पा रहा है, तो उपभोक्ता का कनेक्शन काटकर सूचना संबंधित उपकेंद्र को देंगे। बकाया जमा होने तक कनेक्शन का पर्यवेक्षण भी किया जाएगा। बिजली विभाग ने जिले के बिजली थाना और विजिलेंस की टीम को जिले के एक लाख से अधिक बकाएदारों की सूची उपलब्ध कराया है। जिले लेकर टीम के सदस्य बकाएदारों के घर जाएंगे।
देवरिया डिविजन में है सर्वााधिक बकाया
जिले के देवरिया डिविजन में सबसे अधिक 2369 उपभोक्ताओं पर एक लाख से अधिक का बकाया है। इन उपभोक्ताओं पर 50.38 करोड़ रुपये बकाया है। इसके बाद गौरीबाजार डिविजन में 962 उपभोक्ताओं पर एक लाख रुपये से अधिक का बकाया है। इन पर कुल 14.65 करोड़ रुपये बकाया है। सलेमपुर डिविजन में 771 बकाएदार है जिस पर एक लाख रुपये से अधिक का बिजली का बिल बकाया है। उनके ऊपर विभाग को 15.40 करोड़ रुपये का बकाया है। सबसे कम बरहज डिविजन में 376 उपभोक्ताओं पर एक लाख रुपये से अधिक का बिजली का बिल बकाया है। उपभोक्ताओं पर लगभग 5.53 करोड़ रुपये का बकाया है।
कोट-
देवरिया जिले के चारों डिविजनों में 4478 उपभोक्ताओं पर लगभग 86.69 करोड़ रुपये का बिजली के बिल का बकाया है। काफी प्रयास के बाद भी इन उपभोक्ताओं ने बिजली के बिलों का भुगतान नहीं किया है। इस लिए अब इन उपभोक्ताओं से वसूली के लिए विद्युत थाना और विजलेंस को लगाया गया है।
वीके सिंह, अधीशासी अभियंता , विद्युत वितरण खंड देवरिया




